सांकेतिक तस्वीर
संवाद सूत्र, धरहरा (मुंगेर)। माताडीह स्थित रघुनाथपुर गांव में शुक्रवार को बच्चा चोर की आशंका में ग्रामीणों ने पांच महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़ी गई महिला रोशनी देवी, व पूजा कुमारी उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के डोहरी गांव की रहने वाली हैं।
वहीं सानिया कुमारी करीमाबाद, थाना कोवा, जिला मऊ पूजा कुमारी गाजीपुर तथा मिथुन कुमारी रौहरी, जिला जौनपुर की रहने वाली है। ग्रामीणों ने उनकी गतिविधि संदिग्ध लगी। पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिसके बाद भीड़ ने बच्चा चोर होने की आशंका जताई और उन्हें रोक लिया।
स्थिति की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और सभी महिलाओं को साथ लेकर थाने आई।
अलग अलग इलाकों में घूमकर मांगने का काम
प्रभारी थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि विस्तृत पूछताछ में यह सामने आया कि सभी महिलाएं अलग अलग इलाकों में घूमकर मांगने का काम करती हैं। किसी प्रकार की बच्चा चोरी या आपराधिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई। सत्यापन के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि अफवाहों पर भरोसा न करें और किसी भी संदिग्ध सूचना की सीधी जानकारी पुलिस को दें। |