LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 586
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू। जागरण आर्काइव
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट के लिए होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर मंथन प्रारंभ हो चुका है। सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने दिल्ली में शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की।
संभावित प्रत्याशियों की सूची में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, कांग्रेस प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का नाम प्रमुखता से शामिल है। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल का नाम भी चर्चा में आया है।
मंत्रिमंडल में संतुलन बनाने की जुगत
सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल में संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से सरकार इस दिशा में कदम उठा सकती है। सुक्खू मंत्रिमंडल में शिमला संसदीय क्षेत्र से पांच कैबिनेट मंत्री हैं। वर्तमान में मंत्रिमंडल में एक पद खाली है, यदि शांडिल को राज्यसभा भेजा जाता है, तो दो नए मंत्रियों की नियुक्ति की जा सकती है। इस स्थिति में सोलन विधानसभा सीट खाली हो जाएगी, जिसके लिए उपचुनाव कराना पड़ेगा।
ये भी मजबूत दावेदार
पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा शिमला से हैं, लेकिन उन्होंने पार्टी के निर्देश पर कांगड़ा संसदीय सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा था। कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह को भी प्रत्याशी के रूप में गंभीरता से लिया जा रहा है। रजनी पाटिल को भी मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
बहुमत में होते हुए मिली थी हार
वर्ष 2024 में राज्यसभा की एक सीट पर हुए चुनाव में कांग्रेस ने अभिषेक मनु सिंघवी को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन कांग्रेस बहुमत में होते हुए भी चुनाव हार गई थी। दूसरी ओर, विपक्षी दल भाजपा के पास इस बार भी खोने के लिए कुछ नहीं है। माना जा रहा है कि भाजपा कांग्रेस की राजनीति को चुनौती देने की योजना बनाएगी।
आनंद शर्मा की मौजूदगी से नए संकेत
आरडीजी पर शीर्ष नेतृत्व से हुई बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा की उपस्थित ने कई संकेत दिए हैं। आनंद की प्रत्याशी के रूप में दावेदारी से इसे देखा जा रहा है। राज्यसभा चुनाव को लेकर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने केसी वेणुगोपाल और रजनी पाटिल से चर्चा की है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में 26 साल बाद फिर शुरू होगी लॉटरी, संचालन नियम तय करने को बनाई कमेटी; ये 2 राज्य कर रहे रिकॉर्ड कमाई |
|