search

हिरोइन कोटा का बड़ा खुलासा: पति-पत्नी और बेटे समेत चार तस्कर गिरफ्तार, 13.72 ग्राम ड्रग्स व 1.96 लाख नगद बरामद

deltin33 1 hour(s) ago views 347
  

हिरोइन (कोटा) तस्करी के नेटवर्क का खुलासा  



जागरण संवाददाता, हाजीपुर(वैशाली)। वैशाली जिले के जंदाहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिरोइन (कोटा) तस्करी के नेटवर्क का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर अरनिया पत्ता गाछी काली मंदिर के समीप एक घर में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान पति-पत्नी और उनके पुत्र समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से 34 छोटी डिबिया में कुल 13.72 ग्राम हिरोइन (कोटा) बरामद हुई। इसके साथ ही 1,96,334 रुपये नगद और नशा कराने से जुड़े सामान भी जब्त किए गए। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी।
गुप्त सूचना पर की गई घेराबंदी

एसपी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि करनौती रोड स्थित अरनिया गांव में राहुल कुमार और उसका परिवार नशीला पदार्थ बेचता है। चना मिलते ही जंदाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घर की घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान एक व्यक्ति घर के पीछे से भागने लगा। पुलिस बल ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया। इसी दौरान सीओ जंदाहा सौम्या भी मौके पर पहुंच गईं। तलाशी अभियान मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शुरू किया गया।
अलग-अलग जगहों से मिली हिरोइन

तलाशी के दौरान प्रेम देवी के पास से 12 डिबिया, रवि कुमार के पास से 8 डिबिया बरामद हुई। राहुल कुमार की जेब से 6 डिबिया मिलीं। घर के अंदर से 8 और डिबिया जब्त की गईं।


कुल मिलाकर 34 डिबिया में 13.72 ग्राम हिरोइन (कोटा) बरामद हुई। घर की छत पर बने कमरे से 6 लाइटर और 11 खाली डिबिया भी मिलीं। पुलिस के अनुसार यहां लोगों को बैठाकर नशा कराया जाता था।
नगद रकम और सप्लाई नेटवर्क का खुलासा

घर की तलाशी में एक झोले से 1,96,334 रुपये नगद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह रकम हिरोइन बेचकर इकट्ठा की गई थी। उन्होंने खुलासा किया कि नशीला पदार्थ बिदुपुर थाना क्षेत्र से मंगवाया जाता था।


आरोपियों के अनुसार महेन्द्र राय नामक व्यक्ति सप्लाई करता था। वह वैशाली जिले के बिदुपुर थाना अंतर्गत खिलवत गन्नी नाथ घाट का निवासी है। पुलिस ने उसके विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों में रवि कुमार (समस्तीपुर निवासी), कमल किशोर सिंह, उनकी पत्नी प्रेम देवी और पुत्र राहुल कुमार शामिल हैं। सभी वर्तमान में अरनिया गांव, थाना जंदाहा, जिला वैशाली के रहने वाले हैं। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।


चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। एसपी ने कहा कि जिले में नशा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
like (0)
deltin33administrator

Post a reply

loginto write comments
deltin33

He hasn't introduced himself yet.

1510K

Threads

0

Posts

4710K

Credits

administrator

Credits
474606