LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 349
जनसभा स्थल पर लोगों के बैठने के लिए जर्मन हेंगर में बिछाई गई कुर्सियां। जागरण
जागरण संवाददाता जेवर (ग्रेटर नोएडा)। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-28 में शनिवार दोपहर बाद प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर संयंत्र का शिलान्यास किया जाएगा।
कार्यक्रम में व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने को लेकर पुलिस, प्रशासन के अधिकारियों ने जनसभा स्थल से लेकर हेलीपैड तक तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री, विशिष्ट और अति विशिष्ट अतिथियों के आवागमन और डायवर्जन का पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने मुख्यमंत्री सुरक्षा कर्मियों के साथ फ्लीट का रिहर्सल किया।
अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आवागमन जिन स्थानों पर प्रस्तावित है, उनका निरीक्षण किया। स्वयं जिलाधिकारी तीन घंटे तक जनसभा स्थल पर मौजूद रहीं, जिसके बाद देर शाम तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के सेमीकंडक्टर संयंत्र के शिलान्यास कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल रूप से संबोधित करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय इलेक्ट्रानिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव व केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग और इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद जनसभा स्थल के मंंच पर मौजूद रहेंगे।
शुक्रवार को कार्यक्रम में किसी तरह का व्यवधान न हो इसके लिए शुक्रवार को सभी तैयारियों को परखा गया। वर्चुअल संबोधन के लिए पीएमओ से ऑनलाइन संपर्क के अलावा मुख्य मंच पर लगी एलईडी स्क्रीन की कनेक्टिविटी की जांच की गई।
हेलीपैड की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए मुख्यमंत्री के जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के रबूपुरा स्थिति आवास तक जाने के संभावित दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का फ्लीट का रिहर्सल करते हुए डायवर्जन करते हुए सुरक्षा के इंंतजाम को परखा।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा पूरा कार्यक्रम
जनसभा स्थल और उसके आसपास संदिग्ध लोगों पर नजर रखने के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस की एक स्पेशल टीम कंट्रोल रूम में बैठकर इन सभी कैमरों से संदिग्ध लोगों और वस्तुओं पर नजर रखेगी और जरूरत पड़ने पर उस स्थान पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को तुरंत सूचना देगी।
कार्यक्रम स्थल सुरक्षा तीन डीसीपी, 10 एसीपी,25 निरीक्षक और उपनिरीक्षक पर एक हजार पुलिसकर्मियों के अलावा दो कंपनी पीएसी तैनात रहेगी। अपर पुलिस आयुक्त राजीव नारायाण मिश्र, डीसीपी हेडक्वार्टर रवि निम, डीसीपी ग्रेटर नोएडा साद मिया खां ने जनसभा स्थल पर सभी सुरक्षा कर्मियों को ब्रीफ किया।
स्कूली बच्चों के गणेश वंदना से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
सेमीकंडक्टर संयंत्र के कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के साथ होगी। मुख्य मंच के दोनों तरफ स्कूली बच्चों के लिए दो मंच बनाए गए है। बुलंदशहर के विद्या ज्ञान स्कूल के 32 बच्चे गणेश वंदना और संस्कृति कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। इन बच्चों को भी बुलंदशहर से शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर बुलाया गया था। शिक्षकों की देखरेख में 27 छात्रा और पांच छात्रों के ग्रुप ने भी अपना रिहर्सल किया।
जनसभा में आम लोगों के प्रवेश के लिए बनाए 4 प्रवेश द्वारा
जनसभा स्थल पर बढ़ते तापमान को देखते हुए तीन जर्मन हेंगर लगाए गए है सभी के बैठने के लिए कुर्सियाें की व्यवस्था की गई है। आम लोगों के प्रवेश के लिए चार प्रवेश द्वार बनाए गए है प्रत्येक प्रवेश द्वार पर चार लाइन में लोग प्रवेश पा सकेंगे प्रवेश से पहले मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरना होगा उसके बाद भी सुरक्षा कर्मी संदिग्ध वस्तु की जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति देंगे।
यह भी पढ़ें- सीएम योगी आदित्यनाथ के ग्रेटर नोएडा दौरे पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू, एक्सप्रेसवे और बॉर्डर पर यातायात प्रभावित
वहीं, मीडिया, पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारियों के अलावा एचसीएल व फाक्सकान के अधिकारियों के लिए अलग से प्रवेश के लिए तीन प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। |
|