LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 956
बुकलेट फार्म में आईडीपी जारी किया जाएगा, एक वर्ष की होगी वैधता। फोटो: सांकेतिक
लक्ष्य चौधरी, गाजियाबाद। विदेश यात्रा की तैयारी कर रहे हैं और वहां पर अपना वाहन खुद चलाना चाहते हैं तो आपके लिए ये राहत भरी खबर हैं। प्रदेश में अब इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट (IDP) बुकलेट स्वरूप में जल्द जारी किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में पहली बार आईडीपी को बुकलेट फार्म में जारी करने की व्यवस्था लागू की गई है।
इससे पहले तक आईडीपी साधारण कागज पर जारी किए जाते थे, जिसके चलते कई देशों में इसकी वैधता को लेकर समस्याएं खड़ी हो जाती थीं। विशेष रूप से जापान और अमेरिका जैसे देशों में कागजी आईडीपी पर आपत्तियां सामने आती रही हैं। नई बुकलेट व्यवस्था लागू होने के बाद इन परेशानियों से स्थायी समाधान मिलने की उम्मीद है।
शासन की ओर से प्रदेशभर में कुल 4130 आईडीपी बुकलेट जारी की गई हैं। इनमें से गाजियाबाद आरटीओ को 500, नोएडा आरटीओ को 700 और मेरठ आरटीओ को 200 बुकलेट आवंटित की गई हैं। अन्य जनपदों को भी आवश्यकता के अनुसार बुकलेट भेजी गई हैं।
शासन ने सभी सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के लिए मुख्यालय से आईडीपी बुकलेट तत्काल प्राप्त करें। यह भी स्पष्ट किया गया है कि बुकलेट उपलब्ध होते ही आईडीपी केवल बुकलेट स्वरूप में ही जारी किए जाएंगे।
आईडीपी को निर्धारित अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कर्सिव राइटिंग (हस्तलिखित शैली) में भरा जाएगा। परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार बुकलेट फार्मेट अंतरराष्ट्रीय प्राविधानों के अनुरूप तैयार किया गया है, जिससे विदेशों में जांच के दौरान किसी प्रकार की आपत्ति की संभावना नहीं रहेगी।
एक वर्ष के लिए मान्य होगा परमिट
विदेश में वाहन चलाने के लिए आईडीपी एक वर्ष की अवधि के लिए जारी किया जाता है। यह उन भारतीय नागरिकों के लिए अनिवार्य दस्तावेज है, जो विदेश में स्वयं वाहन चलाना चाहते हैं।
बार-बार आरटीओ के चक्कर से मिलेगी राहत
आईडीपी की वैधता और स्वरूप को लेकर उत्पन्न समस्याओं के कारण वाहन चालकों को अक्सर आरटीओ कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। नई व्यवस्था लागू होने से अब यह समस्या समाप्त होने की संभावना है।
शासन की ओर से जारी की गई आईडीपी बुकलेट
आरटीओ कोड आरटीओ कार्यालय बुकलेट का आवंटन
यूपी-11
सहारनपुर
65
यूपी-12
मुजफ्फरनगर
50
यूपी-13
बुलंदशहर
30
यूपी-14
गाजियाबाद
500
यूपी-15
मेरठ
200
यूपी-16
नोएडा
750
यूपी-17
बागपत
25
यूपी-19
शामली
25
यूपी-20
बिजनौर
25
यूपी-21
मुरादाबाद
50
यूपी-32
लखनऊ
350
यूपी-78
कानपुर नगर
200
यूपी-80
आगरा
150
अन्य
अन्य कार्यालय
1710
इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट को अब बुकलेट फाॅर्म में जारी किए जाने से विदेश यात्रा करने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। कार्यालय को बुकलेट उपलब्ध हो गई है।
- अशोक कुमार श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रवर्तन
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में विकास की हकीकत: CAG रिपोर्ट में GDA फेल, नगर निगम की लापरवाही उजागर |
|