ऑस्ट्रेलिया ने ओमान को हराया
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया ने अपने आखिरी मैच में जीत हासिल की है। ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान मिचेल मार्श के अर्धशतक के दम पर ओमान को 9 विकेट से हराया है। इसी के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सफर समाप्त हो चुका है। ऑस्ट्रेलिया की टीम पहले ही सुपर-8 से बाहर हो चुकी थी और ऐसे में वे आखिरी मैच जीतकर टूर्नामेंट से कुछ अच्छी यादें लेकर गए हैं।
श्रीलंका के पल्लेकेले में खेले गए इस मुकाबले में ओमान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मात्र 104 रन बनाए थे। 105 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम ने एक विकेट के नुकसान पर इसे हासिल कर लिया। उनके लिए स्पिनर एडम जैंपा ने कमाल की गेंदबाजी की थी और 4 विकेट हासिल किए थे, जिसके दम पर ऑस्ट्रेलियाई टीम ओमान को 104 रनों पर रोकने में सफल रही थी।
एडम जैंपा की कमाल की गेंदबाजी
ऑस्ट्रेलिया के लिए जैंपा ने कमाल की गेंदबाजी की और 3.2 ओवर में 21 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए। उनकी गेंदबाजी का ही नतीजा था कि ओमान की बल्लेबाजी ढह गई और पूरी टीम 16.2 ओवरों में 104 रनों पर सिमट गई। ओमान के लिए वसीम अली सर्वश्रेष्ठ स्कोरर रहे, जिन्होंने 32 रन बनाए। उनके अन्य कोई बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका और इसी वजह से ओमान को 9 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
मिचेल मार्श की पारी से जीता ऑस्ट्रेलिया
105 रनों का लक्ष्य बहुत ही छोटा था और ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया इसे आसानी से हासिल कर लेगी। ऑस्ट्रेलिया ने किया भी कुछ ऐसा ही। उन्होंने इस लक्ष्य को 9.4 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। कंगारू टीम के लिए मार्श ने 33 गेंदों पर नाबाद 64 रनों की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 7 चौके और 4 छक्के लगाए। मार्श के अलावा ट्रेविस हेड ने भी 19 गेंदों पर 32 रन बनाए, जबकि जोश इंग्लिस ने 12 रन बनाकर नॉटआउट रहे और अपनी टीम को जीत दिलाई।
ऑस्ट्रेलिया के लिए निराशा
ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 यादगार नहीं रहा। उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्हें श्रीलंका ने भी मात दी। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया की टीम सुपर-8 से बाहर हो गई और अब उनका टी20 वर्ल्ड कप में सफर समाप्त हो गया है।
यह भी पढ़ें- CSK के स्टार खिलाड़ी को कम उम्र में शादी करना पड़ा भारी, पत्नी ईशानी के साथ तलाक के बाद बयां किया अपना दर्द
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ियों की फौज के सामने नहीं बच सके शादाब खान, PCB ने लिया बड़ा एक्शन |
|