आगरा में कल्याण ज्वेलर्स के शोरूम का उद्घाटन करने पहुंचे अभिनेता अजय देवगन।
जागरण संवाददाता, आगरा। एमजी रोड पर मेट्रो की बैरीकेडिंग के बाद भी व्यवस्थित और अनुशासित भीड़ अपने पसंदीदा अभिनेता अजय देवगन की एक झलक पाना चाहती थी।
शाह मार्केट के निकट स्थित कल्याण ज्वेलर्स शोरूम पर युवाओं, युवतियों सहित दूसरे प्रशंसक टकटकी लगाए खड़े थे। बार-बार जैसे ही वाहनों के हूटर बजते तो सीटियां और शोर से स्वागत का इजहार होता था।
इसी बीच सफेद कार से अजय देवगन उतरते हैं और शोरूम के बाहर बने स्टेज पर पहुंच हाथ जोड़कर प्रशंसकों का अभिवादन करते हैं। कहते हैं लंबे समय बाद आगरा आया हूं, लेकिन कोशिश रहेगी कि जल्द आता रहूं। ब्रांड की प्रशंसा कर शोरूम में अंदर प्रवेश कर गए।
फिर निगाहें उनकी वापिसी के लिए टिक जाती हैं। 15 मिनट बाद वापिसी होती है तो हाथों में चहेता अभिनेता की तस्वीर, सीटियां, सिंघम की गूंज होने लगती है। अजय देवगन मीडिया के माइक के समाने रुकते हैं और बताते हैं कि लंबे समय से कल्याण ज्वेलर्स के साथ जुड़ा हूं।
जब जुड़ा था तब देशभर में 150 शोरूम थे, लेकिन अब 450 हैं। ब्रांड अपने ग्राहकों की पसंद और नापसंद को सर्वोपरि रखता है। लोगों ने याद दिलाया शहर में आप भगत सिंह फिल्म की शूटिंग के लिए आए थे, तो कहा हां लंबा समय हुआ है। शायद 10 वर्ष हो गए।
अब कोशिश करुंगा की जल्दी आता रहूं। एक सवाल पर कि मोहब्बत के शहर में दिलजले आए हैं पर खुलकर मुस्कराए। इसके बाद मां के साथ गुरुवार को मनाए जन्मदिन पर पूछा तो बोले घर पर ही सादगी के साथ मनाया। |
|