दुष्कर्म की घटनाओं पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई जरूरी
राज्य ब्यूरो, पटना। राबड़ी देवी ने विधानपरिषद में दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं को लेकर सरकार को घेरा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राज्य में बच्चियों के साथ लगातार दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि सिर्फ फरवरी महीने में 35 मामले दर्ज हुए हैं। राबड़ी देवी ने पूछा कि इन घटनाओं पर सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है। उनके सवाल के बाद सदन में कुछ देर के लिए हलचल की स्थिति बन गई।
सभापति ने कहा- सरकार कार्रवाई कर रही
सदन की कार्यवाही के दौरान सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि सरकार इस सूचना को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामलों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
साथ ही उन्होंने विपक्ष से कहा कि जिन 35 मामलों का जिक्र किया गया है, उनकी सूची पटल पर रखी जाए। सभापति ने तथ्यों के साथ चर्चा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सदन में प्रस्तुत जानकारी प्रमाणिक होनी चाहिए।
सरकार ने दी सफाई
सरकार की ओर से मंत्री सुनील कुमार ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति और नीयत दोनों साफ हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं।
जो भी कानून का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
विपक्ष ने की सख्त कदम की मांग
विपक्ष का कहना है कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। दुष्कर्म की घटनाओं पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। सदन में इस मुद्दे पर गंभीर बहस की मांग की गई।
फिलहाल सभापति के निर्देश के बाद विपक्ष को मामलों की सूची उपलब्ध करानी है। आगामी दिनों में इस विषय पर और विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- बजट सत्र में गूंजा अपराध का मुद्दा, विपक्ष के हंगामे से सदन की कार्यवाही बाधित |
|