घटनास्थल का मुआयना करते एसपी।
जागरण संवाददाता, सहरसा। सदर थाना क्षेत्र के सिमराहा में बुधवार को गोली लगने से घायल 13 वर्षीय अंकित आनंद को चिकित्सकों ने ब्रेन डेड घोषित कर दिया। गंभीर हालत देखते हुए परिवार ने उसे इलाज के लिए सहरसा से सिलीगुड़ी तक ले जाने की कोशिश की, लेकिन चिकित्सकों ने वहां भी मृत घोषित किया। इसके बाद स्वजन बच्चे को सहरसा लौटाकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कर आशा की किरण बनाए रखी।
परिवार का कहना है कि उन्हें किसी से कोई दुश्मनी, जमीन विवाद या अन्य कारण ज्ञात नहीं है, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि गोली किसने और किस उद्देश्य से मारी। इस कारण पुलिस मामले की तह तक जाने और अपराधियों की पहचान के लिए सक्रिय है।
एसपी हिमांशु ने गुरुवार को घटना स्थल का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने आसपास लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ करने के निर्देश दिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआइटी भी गठित की गई है, जो घटना के त्वरित उद्भेन और अपराधियों की पहचान में जुटी है।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और हर संभावित सुराग को तवज्जो दे रही है। परिवार का कहना है कि उन्हें किसी भी तरह का विवाद या दुश्मनी ज्ञात नहीं है, जिससे यह मामला और जटिल हो गया है।
घटना के बाद से अंकित के परिवार का हाल बेहद नाजुक है। माता-पिता सहित अन्य सदस्य बदहवास हैं और लगातार रो-रोकर अपनी चिंता जाहिर कर रहे हैं। स्वजन बच्चे की सांस चलने की उम्मीद में अस्पताल में बने हुए हैं। इस मामले ने स्थानीय लोगों में भी चिंता पैदा कर दी है। सिमराहा इलाके के लोग चाहते हैं कि अपराधियों की जल्द पहचान की जाए और उन्हें सजा दिलाई जाए।
एसपी ने कहा कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की गहन पूछताछ के जरिए जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना क्यों हुई और किस उद्देश्य से गोली मारी गई।
अंकित की हालत को देखते हुए चिकित्सक लगातार उसकी मॉनिटरिंग और वेंटिलेटर सपोर्ट पर ध्यान दे रहे हैं, लेकिन अब उसे ब्रेन डेड घोषित किया जा चुका है। परिवार और स्थानीय लोगों की मंशा है कि जल्द से जल्द सच सामने आए और जिम्मेदारों को कानून के तहत सजा मिले। |
|