अस्पताल में हेल्थ पैकेज सेवाओं के लिए अलग हेल्थ पैकेज काउंटर किया जा रहा संचालित. Concept
जागरण संवाददाता, देहरादून। राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल में मरीजों की सुविधा को नई दिशा देते हुए हेल्थ पैकेज सेवाओं के लिए अलग हेल्थ पैकेज काउंटर संचालित किया जा रहा है।
इस नई व्यवस्था के तहत हेल्थ चेकअप कराने वाले 30 से अधिक आयुवर्ग के लोगों को पंजीकरण, बिलिंग, सैंपल कलेक्शन और जांच रिपोर्ट प्राप्त की सभी प्रक्रिया एक ही जगह पर उपलब्ध होगी। निजी अस्पतालों के मुकाबले यहां कम दर पर बेहतर जांच सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने विभिन्न आयु वर्ग और रोग के अनुसार 16 अलग अलग पैकेज भी जारी कर दिए हैं।
प्राचार्या डा. गीता जैन ने बताया कि हेल्थ पैकेज काउंटर पर सिंगल-फ्लो सर्विस सिस्टम लागू किया जाएगा। इसके अंतर्गत क्षेत्र में जन औषधि काउंटर को गेट संख्या-पांच के समीप विकसित किया जा रहा है, जिससे जांच के बाद आवश्यक दवा भी सुलभ रूप से उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य नियमित स्वास्थ्य जांच को प्रोत्साहित करने, प्रारंभिक अवस्था में रोगों की पहचान, पारदर्शी व त्वरित सेवा और आमजन के लिए सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस प्रकार के व्यापक हेल्थ पैकेज सामान्यतः निजी क्षेत्र में उपलब्ध होते हैं, जहां उनकी लागत अधिक होती है। लेकिन अस्पताल प्रशासन ने निर्धारित दरें आमजन को ध्यान में रखते हुए किफायती रखी हैं। राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल एक टर्शियरी केयर सेंटर है, इसलिए यहां की प्रयोगशाला विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में संचालित होती हैं। आधुनिक उपकरण, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली और बहु-विषयक विशेषज्ञों की उपलब्धता के कारण जांच की विश्वसनीयता और सटीकता उच्च स्तर की है।
विभिन्न आयुवर्ग और रोग के अनुसार पैकेज
- पैकेज नाम, दर रुपये में
- एग्जीक्यूटिव हेल्थ पैकेज, 1191
- हेल्दी हार्ट स्क्रीनिंग पैकेज, 639
- पीडियोट्रिक हेल्थ स्क्रीनिंग पैकेज, 627
- रूटीन हेथ प्रोफाइल (मिनी हेल्थ चेक-अप), 727
- एडवांस्ड लिपिड प्रोफाइज पैकेज, 200
- एनिमिया डायग्नोस्टिक प्रोफाइल, 840
- फीवर डायग्नोस्टिक पैनल-1, 782
- अर्थराइटिस / ज्वाइंट पैन प्रोफाइल, 1054
- एंटीनेटल केयर स्क्रीनिंग पैकेज, 461
- कार्डियक इंजरी मार्कर पैनल, 695
- पैनक्रियाटिक एवेल्यूशन प्रोफाइल, 1179
- कांप्रिहेंसिव डायबिटीज प्रोफाइल, 523
- फर्टीलिटी हार्मोनल प्रोफाइल, 1555
- कांप्रिहेंसिव ट्यूमर मेकर पैनल, 3588
- विटामिन डिफिसिएंसी स्क्रीनिंग पैकेज, 1100
- प्री- आपरेटिव कांप्रिहेंसिव प्रोफाइल, 1461
(नोट: इन सभी पैकेज में आवश्यक लैब जांच व चयनित मामलों में अल्ट्रासाउंड जैसी जांचें भी शामिल हैं।)
सभी प्रक्रिया हो सुव्यवस्थित और समयबद्ध
राजकीय दून मेडिकल कालेज अस्पताल में हेल्थ पैकेज सेवाओं के लिए अलग हेल्थ पैकेज काउंटर की व्यवस्था व्यवस्था का जायजा लेने के लिए निदेशक चिकित्सा शिक्षा डा. अजय आर्य ने अस्पताल का निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को अनावश्यक प्रतीक्षा से बचाने के लिए सभी प्रक्रिया सुव्यवस्थित और समयबद्ध बनाई जाए। इसके अलावा अस्पताल में किसी भी तरह की समस्या का दुरुस्थ किया जाए। इस मौके पर प्राचार्य डा. गीता जैन, उप चिकित्सा अधीक्षक डा. एनएस बिष्ट, सर्जरी विभागाध्यक्ष डा. अभय, नवीन खंडूड़ी आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- दून अस्पताल में डॉक्टरों की मनमानी: फार्मेसी में दवा उपलब्ध, फिर भी बाहर से लिख रहे
यह भी पढ़ें- देर रात दून अस्पताल पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, किया औचक निरीक्षण; मरीजों से बात कर दिए सुधार के निर्देश |