search

दरभंगा एम्स को लेकर बड़ा अपडेट, निर्माण कार्यों का आकलन करेगी उच्च स्तरीय तकनीकी टीम

Chikheang 1 hour(s) ago views 156
  

Darbhanga AIIMS Construction: भूमि पूजन के समय 2027 के अंत तक एम्स तैयार होने की कही गई थी बात। फोटो सौ.: इंटरनेट मीडिया  



जागरण संवाददाता, दरभंगा। AIIMS Darbhanga: दरभंगा एम्स के निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एक उच्च स्तरीय तकनीकी टीम जल्द ही साइट का आकलन करेगी। यह जानकारी सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने दी।

सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने दिल्ली स्थित आवास पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात कर दरभंगा एम्स को टाइम-बाउंड मोड में आगे बढ़ाने को लेकर एक आग्रह पत्र सौंपा।
समय पर निर्माण पर संशय

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भूमि पूजन के समय 2027 के अंत तक एम्स तैयार होने का जो आकलन किया गया था, वर्तमान प्रगति को देखते हुए वह लक्ष्य हासिल करना कठिन प्रतीत हो रहा है। इसको लेकर इंटरनेट मीडिया पर तरह-तरह क चर्चाएं हो रही हैं।

  

सांसद ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से उनके आवास पर मुलाकात की। फोटो सौ: इंटरनेट मीडिया

सांसद ने बताया कि एक मई 2025 को शुरू किए गए 37.82 करोड़ रुपये की लागत से 5.3 किलोमीटर लंबी एम्स बाउंड्री निर्माण परियोजना को 30 अप्रैल 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाना है।  

इस कार्य की प्रगति की समीक्षा के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय की तकनीकी टीम शीघ्र दरभंगा पहुंचकर निर्माण कार्यों का स्थलीय आकलन करेगी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने इस संबंध में सकारात्मक आश्वासन दिया है।
12 वर्ष पूर्व हुई थी घोषणा

दरभंगा एम्स (AIIMS Darbhanga) बिहार का दूसरा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान है। इसकी घोषणा फरवरी 2015 के केंद्रीय बजट में की गई थी। इसके बाद 15 सितंबर 2020 को केंद्रीय कैबिनेट से परियोजना को औपचारिक मंजूरी मिली।
आरंभिक चरण में निर्माण का काम

कई वर्षों तक भूमि चयन में देरी के बाद 13 नवंबर 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका शिलान्यास किया। वर्ष 2025 की शुरुआत से निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ी है। फिलहाल बाउंड्री वॉल और मुख्य द्वार जैसे बुनियादी ढांचे का निर्माण कार्य चल रहा है।
लागत, क्षमता और संभावित समय-सीमा

दरभंगा एम्स की अनुमानित लागत लगभग 1,264 करोड़ रुपये है, जिसमें आगे वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। यह संस्थान 750 बेड की क्षमता वाला अत्याधुनिक अस्पताल होगा, जिसमें इमरजेंसी, ट्रॉमा, आईसीयू और आयुष बेड शामिल होंगे। यहां 100 एमबीबीएस सीटें और 60 बीएससी नर्सिंग सीटें प्रस्तावित हैं।

करीब 187 एकड़ भूमि (शोभन-एकमी बाईपास के पास) में बनने वाले इस एम्स में 15 से 20 सुपर स्पेशियलिटी विभाग, मेडिकल कॉलेज, आयुष ब्लॉक और आवासीय परिसर की सुविधा होगी। वर्तमान प्रगति को देखते हुए इसके 2028 के अंत या 2029 तक पूरी तरह तैयार होने की संभावना जताई जा रही है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164413