पुछड़ी में लोगों ने पुलिस को नहीं ले जाने दिया शव। प्रतीकात्मक
जागरण संवाददाता, रामनगर। पुछड़ी गांव में कूड़ा लेकर जा रहे छोटा हाथी वाहन की टक्कर से एक बच्ची की मौत हो गई। इससे स्वजन व आसपास के लाेगों ने आक्रोश जताया। पुलिस ने बमुश्किल लोगों को समझाया। इसके बाद बच्ची के शव को लेकर पुलिस मोर्चरी पहुंची। रामनगर के ग्राम पूछड़ी के अंतर्गत नई बस्ती बिहारी टप्पर निवासी कमल हसन की पांच वर्षीय पुत्री आलिया अपने घर से कुछ दूर खेल रही थी।
बताया जाता है कि प्राइवेट छोटा हाथी वाहन होटल रिसोर्ट का कूड़ा लेकर निस्तारण के लिए जा रहा था। तभी आलिया को छोटा हाथी वाहन ने टक्कर मार दी।वाहन का पहिया उसके सिर पर चढ़ गया। इससे वहां आसपास हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। बच्ची की मौत पर आसपास रह रहे लोगों ने आक्रोश जताते हुए शव पुलिस को नहीं ले जाने दिया। साथ ही लोगों ने वाहन को भी पकड़ लिया उसे नहीं जाने दिया।
उनका कहना था कि प्राइवेट वाहन होटल रिसोर्ट का कूड़ा कैसे और क्यों वन क्षेत्र में फेंक रहा है। अवैध रूप से वाहन यहां आ रहा है। इसे लेकर लोगों में आक्रोश पनप गया। पुलिस ने लोगों को किसी तरह समझाकर मामला शांत कराया और शव को मोर्चरी लेकर आई। मृतक बच्ची के मामा आरिफ का आरोप था कि वाहन चला रहा चालक नाबालिग था। मृतक बच्ची अपने पांच भाई बहनों में सबसे छोटी थी। बच्ची की मां का निधन भी चार साल पहले हो गया था।
कोतवाली के एसएसआई महेंद्र आर्या ने बताया कि बच्ची की छोटा हाथी वाहन की टक्कर से मौत हो गई। वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आरोपित वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव स्वजन को सौंप दिया।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानी मुखानी व रामनगर में चेन स्नैचिंग का खुलासा, मंगलसूत्र झपटने वाला शातिर चोर गिरफ्तार
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के रामनगर में शिकारियों का बसेरा, आबादी में घूमता दिखा गुलदार का जोड़ा |
|