कुएं में गिरे पिता व दो मासूम। (प्रतीकात्मक चित्र)
डिजिटल डेस्क, इंदौर। बुरहानपुर जिले के बोरीबुजुर्ग गांव में बुधवार शाम कुआं गहरीकरण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सार्वजनिक कुएं की मुंडेर अचानक धंस गई, जिससे पास खड़े 36 वर्षीय छगन पुत्र नानसिंग अपने सात वर्षीय बेटे विष्णु और चार वर्षीय बेटी वैष्णवी के साथ सीधे कुएं में जा गिरे। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पंचायत द्वारा कुएं का गहरीकरण कराया जा रहा था। छगन अपने बच्चों के साथ कार्य देखने मुंडेर के पास खड़ा था। अचानक मिट्टी धंसने से तीनों संतुलन खो बैठे और नीचे जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
ग्रामीणों और पुलिस ने किया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही धूलकोट चौकी प्रभारी कमल मोरे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में उन्हें निजी वाहनों से पहले धूलकोट स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बुरहानपुर रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- \“छोड़ो ना यार... जो होना था हो गया\“, इंदौर MBA छात्रा के कातिल को न कानून का खौफ; न पछतावा
एम्बुलेंस न पहुंचने पर आक्रोश
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद समय पर एम्बुलेंस नहीं पहुंची। विधायक निधि से मिली नई एम्बुलेंस भी शुरू नहीं होने से नाराजगी जताई गई। मजबूरी में घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाना पड़ा। इस घटना के बाद गांव में चिंता और सन्नाटे का माहौल है। |
|