फिरोजाबाद पुलिस द्वारा पकड़े गए शराब तस्कर।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। ट्रक में लादकर पंजाब से बिहार ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की 810 पेटी मटसेना पुलिस और एसओजी टीम ने मंगलवार रात लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड से पकड़ी हैं।
इनके साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के दो सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है। थानाध्यक्ष मटसेना विमिलेश त्रिपाठी ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर रात नौ बजे लखनऊ एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर दतावली अंडरपास के पास घेरेबंदी कर ट्रक पकड़ा गया।
ट्रक चालक नीर खां और परिचालक सवाई सिंह निवासीगण ग्राम खरडिया थाना धौरीमन्ना जिला बाड़मेर, राजस्थान को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से रायल स्टैग और मैक डबल्स ब्रांड की शराब की खेप बरामद हुई है।
आरोपितों ने बताया कि वे पंजाब से शराब लेकर बिहार जा रहे थे। बिहार में शराब बंदी के कारण तीन से चार गुणा कीमत पर शराब की बिक्री होती है। आरोपितों ने बताया कि उन्हें मोबाइल और लोड ट्रक दिया गया था। बस इतना ही बताया गया था कि बिहार पहुंचाना है।
बिहार बार्डर पहुंचने पर मोबाइल पर यह जानकारी मिलती कि ट्रक कहां लेकर जाना है। वे पहली बार शराब की खेप ले जा रहे थे।
एसओजी प्रभारी प्रेम शंकर पांडेय ने बताया कि यह पूरा गिरोह है। यह पता लगाया जा रहा है कि इसका सरगना कौन हैं और इसमें कितने लोग शामिल हैं। |
|