बलिया में पकड़ा गया अनोखा चोर, साबुन-शैम्पू समेत लाखों का सामान बरामद।
जागरण संवाददाता, बलिया। चोरी की घटना तो आपने बहुत सुनी होगी लेकिन एक ऐसा चोर भी जनपद में पुलिस के हत्थे चढ़ा है जो साबुन से लेकर शैम्पू तक चुराता था। उसके कब्जे से कंघी से लेकर स्टील के थाली तक, लाइफब्वाय से लेकर लक्स साबुन समेत 19 चम्मच व अन्य सामान बरामद किए गए हैं। आरोपित की पहचान 21 वर्षीय दिलीप वर्मा निवासी ग्राम बैजनाथपुर, थाना बैरिया, जनपद बलिया के रूप में हुई है।
क्या है पूरा मामला
क्षेत्राधिकारी बैरिया मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि बैजनाथपुर निवासी वीरेंद्र वर्मा गुजरात के सूरत शहर में रहकर नौकरी करते हैं और परिवार भी वहीं रहता है। गांव स्थित उनके पैतृक मकान में ताला बंद था, जिसकी चाबी पड़ोसी को दी गई थी। गत 17 फरवरी की रात चोरों ने नकब लगाकर घर में प्रवेश किया और सोने-चांदी के जेवर, नगदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिए। घटना के बाद बैरिया पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मंगलवार सूचना मिली कि इस चोरी में शामिल एक आरोपित अपने घर पर मौजूद है। ऐसे में उसके घर पर दबिश दी गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसके निशानदेही पर सामान बरामद किए गए।
क्या-क्या हुआ बरामद
सुरेमनपुर चौकी इंचार्ज नीरज कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपित की निशानदेही पर बहुत सारे सामान बरामद हुए हैं जिनमें .21 कंघी, 19 चम्मच, आठ स्टील कांटेदार वाला बड़ा चम्मच, एक नीले बैग में हाट शेफ इंसुलेटेड फूड सरवर, प्लास्टिक का हाटपाट, तीन फ्राईपेन, तीन प्लास्टिक का पल्टा, दो चद्दर तकिया, तीन स्टील का छोटा डब्बा, दो स्टील का खाना रखने वाला डब्बा, एल्युमीनियम का भगोना, दो स्टील का कटोरा, स्टील का टिफिन, एक कटोरा फूलवाला, आठ स्टील का प्लेट, दो स्टील की थाली, तीन लाइटर, एक पेचकस व दो सब्जी छीलने वाला छिलनी, लाल रंग के ट्राली बैग में सर्फेक्सल साबुन 11 पीस, सात रिन साबुन, नौ विमबार साबुन, पांच लाइफब्वाय साबुन , पांच लक्स साबुन बड़ा, पांच लक्स साबुन छोटा, आठ डेटाल साबुन, वाटिका शैम्पू 180 एमएल, सैंसिल्क शैम्पू 80 एमएल, 64 पीस शैम्पू वाटिका पाउच वाला समेत जिलेट गार्ड, डाबर आंवला, ब्रश, लिपिस्टिक समेत अन्य सामग्री बरामद हुई है। |