रुहेलखंड विश्वविद्यालय
जागरण संवाददाता, बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से बीएएमएस और बीयूएमएस पाठ्यक्रमों (चतुर्थ वर्ष) की उत्तरपुस्तिका के चुनौती मूल्यांकन की तिथि जारी कर दी गई है। ऐसे में जो विद्यार्थी मूल्यांकन से असंतुष्ट हैं, वे द्वितीय चरण के आवेदन 20 फरवरी से कर सकेंगे। आनलाइन आवेदन और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 25 फरवरी निर्धारित की गई है।
मूल्यांकन के लिए छात्र-छात्राओं को 2500 रुपये प्रति प्रश्नपत्र आनलाइन जमा करने होंगे। परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह के अनुसार, प्रत्येक प्रश्नपत्र के चुनौती मूल्यांकन के दूसरे चरण के लिए कम से कम चार विषय विशेषज्ञों या परीक्षकों की एक नामावली संबंधित विभागाध्यक्ष के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक की ओर से कुलपति को प्रस्तुत की जाएगी।
चुनौती मूल्यांकन के लिए प्रस्तुत उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन नामावली में से नामित किन्हीं दो विषय विशेषज्ञों या परीक्षकों द्वारा कराया जाएगा। विषय विशेषज्ञ नामित करने का कार्य कुलपति या उनकी ओर से गठित समिति करेगी। उत्तर पुस्तिका को विषय विशेषज्ञ के सामने रखने से पहले मूल परीक्षक की ओर से दिए गए अंकों का विवरण छिपा दिया जाएगा। उत्तर पुस्तिका की दो छाया प्रतियां तैयार होंगी।
ऐसे होगा अंकों का मूल्यांकन
दोनों विषय विशेषज्ञों की ओर से दिए गए प्राप्तांकों का औसत निकाला जाएगा। औसत अंतिम रूप से स्वीकृत होगा और अंक पत्र में दिया जाएगा। चाहे वह मूल प्राप्तांकों से कम हो या अधिक। यदि औसत और मूल प्राप्तांकों में 20 प्रतिशत से अधिक का अंतर होता है तब परीक्षार्थी की ओर से जमा किए गए शुल्क में से 1000 रुपये की धनराशि काटकर शेष परीक्षार्थी को वापस कर दी जाएगी।
20 फरवरी तक होंगी स्नातक-परास्नातक की प्रयोगात्मक परीक्षाएं
परीक्षा नियंत्रक के अनुसार, स्नातक स्तर पर (बीए, बीएससी, बीकाम, बीबीए, बीसीए, बीएससी-गृहविज्ञान और बीबीए रिटेल- हेल्थ केयर) आदि पाठ्यक्रमों की विषम सेमेस्टर की बाहरी प्रयोगात्मक, आंतरिक परीक्षा कराने की तिथि 20 फरवरी तक विस्तारित कर दी गई है। वहीं, परास्नातक स्तर पर एमए, एमएससी और एमकाम पाठ्यक्रमों की विषम सेमेस्टर सत्र 2025-26 की बाहरी प्रयोगात्मक और आंतरिक परीक्षा कराने की तिथि भी 20 फरवरी तक बढ़ा दी गई है।
इसमें प्रथम सेमेस्टर 2026 की प्रयोगात्मक परीक्षा पूर्व की तरह ही कराई जाएगी, जिसके लिए विश्वविद्यालय स्तर से ही बाहरी और आंतरिक परीक्षक नियुक्त किए जाएंगे। प्रयोगात्मक परीक्षाओं के बाहरी और आंतरिक अंक, थ्योरीवोकेशनल, मेजर माइनर विषयों के आंतरिक अंक समर्थ पोर्टल पर अपलोड होंगे।
यह भी पढ़ें- बरेली-मथुरा मार्ग पर बड़ा अपडेट: 6-लेन के प्रस्ताव पर सरकार ने फेरा पानी, जानें क्या है नया प्लान
यह भी पढ़ें- बरेली से उत्तराखंड जाना अब और भी आसान, 450 करोड़ के इस प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार; जानें क्या है नया प्लान |