चुनार में महाशिवरात्रि शिवसंध्या: रामलीला मैदान पर गूंजा हर हर महादेव, भजनों पर झूमे श्रद्धालु।
जागरण संवाददाता चुनार (मीरजापुर)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री प्रभात भजन बोल बम सेवा समिति चुनार की ओर से सोमवार की रात रामलीला मैदान पर शिवभक्ति से ओतप्रोत शिवसंध्या कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कानपुर से आए सौरभ महादेव झांकी ग्रुप के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक मनोहारी प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर रात तक हजारों की संख्या में मौजूद भोले भक्त शिवभजनों पर झूमते रहे और पूरा वातावरण हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा।
मुख्य अतिथि एसडीएम चुनार राजेश कुमार वर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
इस श्री रामललित सिंह पीजी कालेज के डायरेक्टर विकास कुमार उर्फ बबलू सिंह को सम्मानित किया गया। कलाकारों ने बम बम बोल रहा है काशी, करपूर गौरम करुणावतारम, जेकर नाथ भोलेनाथ वो अनाथ कैसे होई सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर हर हर महादेव का जयघोष से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया।
इस अवसर पर कौशलेश गुप्ता, आलोक सिंह, संजय साहू, महेंद्र साहू, रामजी साहू, संतोष गुप्ता, सुनील पेंटर, लवकुश गुप्ता, सुक्खू चौरसिया, प्रदीप जायसवाल, अमित पटेल, लक्ष्मीशंकर पांडेय आदि मौजूद रहे। मंगलवार को समिति की ओर से रामलीला मैदान पर आयोजित भंडारे में नगर के हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके पूर्व विधि-विधान से पूजा-पाठ किया गया और दोपहर से प्रारंभ हुआ भंडारा देर शाम तक चलता रहा। |