सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। जिले में संचालित धर्मकांटो पर घटतौली के खेल का बड़ा पर्दाफाश हुआ है। व्यापारियों व परिवहनकर्ताओं की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाई तो जांच में गड़बड़ियों की परतें खुलने लगीं। बाटमाप विभाग द्वारा अब तक जांचे गए 18 धर्मकांटों में से 8 में अनियमितताएं व घटतौली की पुष्टि होने पर उनका संचालन बंद करा दिया गया है। शेष मामलों की जांच जारी है।
डीएम की सख्ती के बाद बाटमाप विभाग की कार्रवाई, जांच अभियान जारी
सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम संजीव रंजन की अध्यक्षता में आयोजित कर-करेत्तर एवं राजस्व वसूली समीक्षा बैठक में धर्मकांटों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। डीएम ने जिला बाटमाप अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी धर्मकांटों को पारदर्शी तरीके से संचालित कराया जाए और वजन में हेरफेर की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
कई शिकायतें सामने आई थीं
बैठक में बताया गया कि कई स्थानों पर ट्रकों व माल वाहनों के वजन में अंतर मिलने, कम वजन दर्शाकर भुगतान कराने व मानक उपकरणों का उपयोग न करने की शिकायतें सामने आई थीं। इस पर विभाग ने विशेष अभियान चलाकर धर्मकांटों की मशीनों, लाइसेंस, सील व अंशांकन की जांच की। जांच में 8 धर्मकांटों में मानक उल्लंघन व घटतौली की पुष्टि हुई। इस पर चालान करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।
डीएम ने दिए थे आदेश
डीएम ने कहा कि घटतौली केवल व्यापारिक अनियमितता नहीं, बल्कि किसानों, व्यापारियों व परिवहनकर्ताओं के आर्थिक हितों से जुड़ा गंभीर विषय है। वजन में हेरफेर से जहां एक ओर राजस्व हानि होती है, वहीं दूसरी ओर आमजन का भरोसा भी प्रभावित होता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी धर्मकांटों का नियमित सत्यापन कराया जाए और मशीनों का अंशांकन समय से कराया जाना अनिवार्य किया जाए। औचक निरीक्षण तेज करने, संदिग्ध केंद्रों की सूची तैयार करने तथा बिना मानक प्रमाणन संचालित धर्मकांटों को तत्काल सील करने के निर्देश भी दिए गए।
राजस्व वसूली को भी गति दी जाएगी
डीएम ने कहा कि पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित कर राजस्व वसूली को भी गति दी जाएगी। डीएम ने खैर के ईओ के बैठक में अनुपस्थित रहने पर कड़ी नाराजगी जताई। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में सभी विभागों को वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। डीएम ने पांच वर्ष पुराने वादों को प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एडीएम वित्त प्रमोद कुमार समेत सभी एसडीएम, एसीएम, तहसीलदार व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। |