शुभम कुमार ने लहराया परचम। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, गयाजी। इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई के घोषित परिणाम में गयाजी शहर के नादरगंज ब्राह्मणी घाट निवासी शिवकुमार के पुत्र शुभम कुमार ने 100 पर्सेंटाइल हासिल कर बिहार टापर बनने का गौरव प्राप्त किया है।
साधारण परिवार से आने वाले शुभम की इस असाधारण उपलब्धि ने पूरे जिले का मान बढ़ाया है। राज्य स्तर पर टॉप करने के साथ ही उन्होंने ऑल इंडिया रैंकिंग में भी तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
शुभम कुमार की प्रारंभिक शिक्षा गयाजी शहर के नजरथ एकेडमी स्कूल से हुई, जहां से उन्होंने दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने ब्रिटिश इंग्लिश स्कूल से बारहवीं की पढ़ाई पूरी की।
वर्तमान में वे पिछले करीब एक वर्ष से राजस्थान के कोटा में रहकर इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास को वे अपनी सफलता का मूल मंत्र बताते हैं।
शुभम के पिता शिवकुमार गयाजी शहर के रमना रोड में हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं, जबकि उनकी माता कंचन देवी गृहिणी हैं। मध्यमवर्गीय परिवार में पले-बढ़े शुभम ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। उनके परिवार में एक भाई और एक बहन हैं।
आईआईटी पटना में पढ़ती है बहन
उनकी बहन वर्तमान में आईआईटी पटना में प्रथम वर्ष की छात्रा हैं और इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही है। शुभम ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन को दिया है। उन्होंने बताया कि वे प्रतिदिन 10 से 12 घंटे पढ़ाई करते थे और कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देते थे।
शुभम की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में बल्कि पूरे गयाजी शहर में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। |