मोगा रैली से लौटने के बाद सीएम मान फिर अस्पताल में भर्ती (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, मोहाली। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सोमवार देर रात करीब 8:30 बजे दोबारा मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में दाखिल हो गए हैं। वह सोमवार को ही अस्पताल से छुट्टी लेकर मोगा में आयोजित पार्टी की रैली में शामिल होने गए थे।
रैली से लौटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनकी गहन जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, रविवार को संगरूर में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उन्हें तुरंत एयरलिफ्ट कर मोहाली के फोर्टिस अस्पताल लाया गया था। वहां जांच में ब्लड प्रेशर, शुगर और अन्य जरूरी टेस्ट सामान्य पाए गए थे। ज्यादा थकान और शारीरिक असंतुलन को देखते हुए उन्हें आब्जर्वेशन में रखा गया था। सोमवार सुबह डाक्टरों ने उन्हें स्थिर हालत में छुट्टी दे दी थी। इसके बाद वह मोगा रैली में शामिल हुए।
रैली से लौटते समय उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। परिवार और स्टाफ ने उन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनकी सभी जांचें दोबारा कीं। फिलहाल रिपोर्ट सामान्य बताई जा रही है। डॉक्टरों ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से लगातार व्यस्त कार्यक्रमों और यात्राओं के कारण शारीरिक थकान बढ़ गई है। उन्हें पूर्ण विश्राम और निगरानी में रखा गया है।
मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य को लेकर पार्टी और प्रशासन में हलचल मची हुई है। आम आदमी पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पार्टी प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री की हालत स्थिर है और डाक्टरों की सलाह पर वह कुछ दिन आराम करेंगे। यह कई बार है जब पिछले कुछ दिनों में मुख्यमंत्री को स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है।
पहले भी रविवार को संगरूर कार्यक्रम के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ी थी। तब भी एयरलिफ्ट कर उन्हें मोहाली लाया गया था। अब रैली के बाद फिर अस्पताल पहुंचने से लोग चिंतित हैं। फोर्टिस अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री की सभी जांच रिपोर्ट अभी तक सामान्य आई हैं। उन्हें आब्जर्वेशन में रखा गया है और डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही उन्हें स्थिर घोषित कर छुट्टी दी जा सकती है। |
|