बनारस स्टेशन पर शिवगंगा एक्सप्रेस की बोगियां बेपटरी, उच्चस्तरीय जांच के आदेश।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। बनारस (मंडुआडीह) स्टेशन स्थित रेलवे यार्ड में सोमवार को सुबह शंटिंग के दौरान शिवगंगा एक्सप्रेस की 7.45 बजे दो बोगियां बेपटरी हो गई। मौके पर पहुंचे डीआरएम आशीष जैन की मौजूदगी में टूल्स वैन एवं यांत्रिक विभाग के कर्मचारियों ने बोगियों को पटरी पर लाने का कार्य शुरू किया। इस दुर्घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या -12560 शिवगंगा एक्सप्रेस का खाली रैक अनुरक्षण (प्राइमरी मेंटेनेंस) कार्य के लिए वाशिंग लाइन में जा रहा था। मंडुआडीह सब्जी मंडी के समीप तेज आवाज के साथ ट्रेन का दीनदयालु कोच और एक पार्सल यान बेपटरी हो गया। इसकी सूचना रेलवे कंट्रोल को दी गई।
मौके पर पहुंचे डीआरएम आशीष जैन सहित ब्रांच अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। इस दौरान बाकी लोगों की संबंधित क्षेत्र से पूरी तरह दूरी बना दी गई। वहीं, संबंधित अधिकारी दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन की बोगी की पहचान को सार्वजनिक करने से बचते रहे। हालांकि इसका रेलवे की परिचालन व्यवस्था पर कोई असर नहीं पड़ा। |