जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। ट्रेनाें में यात्रियों के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले तीन बदमाशों को आरपीएफ जीआरपी और आरपीएफ के विशेष जांच दस्ते (एसआइबी) ने शनिवार शाम गिरफ्तार कर लिया।
इनके पास से लाखों रुपये कीमत के गहने और नकदी बरामद की गई है। बदमाशों पर कई थानों में प्राथमिकी दर्ज हैं।
सीओ जीआरपी उदय प्रताप सिंह और सीओ आरपीएफ गुजर सिंह ने रविवार को रेेलवे स्टेशन पर पत्रकारों को बताया कि 20 दिसंबर 2025 को श्रमशक्ति एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान विजय सिंह निवासी मंगला बिहार कानपुर की पत्नी का पर्स चोरी हो गया था।
जिसमें 25 हजार की नकदी, एटीएम कार्ड व अन्य सामान रखा था। विजय सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इससे पहले दो दिसंबर 2025 काे गोमती एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान बदमाशों ने सुशील कुमार निवासी रायल सिटी थाना औरंगाबाद, बिजनौर की पत्नी पूनम का पर्स चोरी कर लिया था। उसमें भी एक मंगलसूत्र, चार अंगूठी व कान के झाले रखे हुए थे।
20 जून 2025 को यात्रा के दौरान चोर निर्मला देवी निवासी गांव नेवारी थाना तरैया, जिला सारण, बिहार का भी पर्स चोरी कर लिया था। पर्स में एक चैन, एक अंगूठी, मोबाइल और 15 हजार रुपये रखे थे। सभी की प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस घटनाओं का पर्दाफाश करने में लगी थी। शनिवार शाम सात बजे जीआरपी थानाध्यक्ष मोनू आर्य, आरपीएफ इंस्पेक्टर फिरोजाबाद नरेश कुमार और सीआइबी के उपनिरीक्षक विनोद कुमार प्लेटफार्म पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान चोरों के प्लेटफार्म नंबर चार पर बैठे होने की सूचना मिली।
इस पर टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। उन्होंने अपने नाम अर्जुन यादव निवासी हिमांयूपुर थाना दक्षिण फिरोजाबाद, सुबोध कुमार निवासी गांव नगला बरी थाना बरहन आगरा और विशाल निवासी गांव गदाई थाना जलेसर जनपद एटा बताए।
तलाशी में उनके पास से चोरी की चार अंगूठी, एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी कान के झाले, एक जोड़ी कान के बुंदे, एक चैन और 31640 रुपये बरामद किए गए है। |