search

अंबाला में भीषण सड़क हादसा, जंडली फ्लाईओवर पर कार-ऑटो की टक्कर; एक की मौत और 10 घायल

Chikheang 1 hour(s) ago views 496
  

अंबाला में भीषण सड़क हादसा। फोटो जागरण



जागरण संवाददाता, अंबाला। अंबाला-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर जंडली पुल के पास तेज रफ्तार कार और ओवरलोड आटो की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। कुछ सवारियों को मामूली चोटें आई हैं। एक सवारी को ज्यादा चोटें आने के कारण चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

मृतक की बेटी आशा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 13 फरवरी को शाम करीब साढ़े पांच बजे अमरपुर बिहार से चंडीगढ़ के लिए अपने पिता के साथ रवाना हुईं थीं। 14 फरवरी को वह तीनों रात साढ़े 10 बजे रेलवे स्टेशन छावनी पहुंच गए थे।

रात को तीनों स्टेशन पर ही रुके। रविवार तड़के करीब चार बजकर 50 मिनट पर वह तीनों कैंट रेलवे स्टेशन के बाहर खड़े आटो में चंडीगढ़ के लिए बैठ गई। आटो में आठ सवारियां पहले से ही सवार थीं। जब यह आटो जंडली फ्लाईओवर के पास पहुंचा तो सुबह करीब पांच बजकर पांच मिनट पर तेज रफ्तार कार के साथ आटो की टक्कर हो गई। कार की टक्कर से आटो पलट गया। हादसे में उसके पिता भूपिंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हुए हादसे में घायल

45 वर्षीय सुरेश निवासी कल्याणपुर, राजपाल निवासी गांव नन्दापुर जिला लखीमपुर व उसकी पत्नी 52 वर्षीय रमा देवी, वनीता व उसके पति रामबाबू मंडल निवासी गांव डुमरा जिला सितामढ़ी बिहार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं 14 वर्षीय मनीषा और 18 वर्षीय आशा कुमारी भी घायल हो गईं।

दोनों सगी बहनें हैं और अपने पिता भूपिंद्र के साथ अमरपुर बिहार से चंडीगढ़ जा रही थीं। मनीषा के भाई कुंदन ने बताया कि वह कुल सात भाई-बहन हैं। बताया कि वह प्रेम नगर अंबाला शहर में मजदूरी करता है। चार-पांच महीने से यहीं रहता है। उसके पिता और बहनें चंडीगढ़ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। कुंदन ने बताया कि उसकी बहनें चंडीगढ़ में घरों में काम करती हैं और पिता मजदूरी करते थे।
पांच वर्षीय अली और उसकी नानी भी घायल हुए

हादसे में पांच वर्षीय अली निवासी दिल्ली जोकि अब जीरकपुर डकौली, पंजाब में किराये के मकान में रहता है, करुला बाईपास, कोहीनपुर मुहल्ला मुरादाबाद निवासी फिजा और 52 वर्षीय नानी रेशम के साथ जीरकपुर जा रहा था। रेशम के सिर में गहरी चोट आई जबकि अली और फिजा को मामूली चोट आई।
आटो वाले ने 70-70 रुपये में बैठाई सवारियां

बस का किराया प्रति सवारी चंडीगढ़ तक 85 रुपये था, जबकि आटो चालक ने जीरकपुर तक 70 रुपये प्रति सवारी छोड़ने का प्रस्ताव दिया। कम किराये के लालच में करीब 11 सवारियां आटो में बैठ गईं। क्षमता से अधिक सवारियां होने के कारण आटो असंतुलित था।

हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद राजपाल को चंडीगढ़ रेफर किया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हाईवे पर तड़के हुए इस हादसे ने एक बार फिर ओवरलोडिंग और निजी वाहनों में अवैध रूप से सवारियां ढोने की समस्या को उजागर कर दिया है। कम किराये और जल्द पहुंचने की मजबूरी यात्रियों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162314