सागर पोखरा मनोकामना महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, शिवमय हुआ पूरा क्षेत्र।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बेतिया स्थित ऐतिहासिक सागर पोखरा मनोकामना महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रविवार की भोर होते ही हर-हर महादेव के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर में देखी गई।
श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में खड़े होकर बाबा भोलेनाथ का जल, दूध और बेलपत्र से अभिषेक किया तथा सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों के साथ-साथ पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त सागर पोखरा मंदिर पहुंचे। दिनभर पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा, जिससे पूरा इलाका शिवमय बना रहा।
इधर, पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज स्थित बनवरिया शिवालय में भी महाशिवरात्रि के मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। यहां भी अहले सुबह से जलाभिषेक और पूजन-अर्चन का सिलसिला जारी रहा। |