नीरजा में सोनम कपूर की कैसे हुई कास्टिंग?
एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। साल 2016 में रिलीज हुई फिल्म नीरजा (Neerja) भारतीय सिनेमा की उन यादगार फिल्मों में शामिल है, जो केवल मनोरंजन ही नहीं बल्कि साहस, कर्तव्य और मानवता की मिसाल भी पेश करती हैं। यह फिल्म बहादुर फ्लाइट अटेंडेंट नीरजा भनोट के जीवन पर आधारित थी, जिन्होंने 1986 में पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा हाइजैक की गई पैन एएम फ्लाइट 73 के यात्रियों की जान बचाने के लिए महज 22 वर्ष की आयु में अपने प्राणों का बलिदान दे दिया था।
19 फरवरी को 10 साल पूरे करने जा रही इस फिल्म के लिए निर्देशक राम माधवानी (Ram Madhwani) को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित भी किया गया था। राम के अनुसार इस फिल्म की शुरुआत एक दिलचस्प संयोग से हुई। वह बताते हैं, ‘इस फिल्म के लेखक साइमन क्वाड्रास इससे पहले फिल्म मैरी काम लिख चुके थे। नीरजा भनोट की जिंदगी पर फिल्म बनाने के लिए उन्होंने फिल्म के सह निर्माता अतुल कासबेकर से बात की। अतुल ने मुझे फोन करके इस बारे में बताया।
यह भी पढ़ें- Sonam Kapoor की गोदभराई में पिता अनिल कपूर की स्टाइलिश एंट्री, कई बॉलीवुड सेलेब्स के बीच छाईं करीना कपूर
को-प्रोड्यूसर ने दिया सोनम को कास्ट करने का आइडिया
उन्होंने आगे कहा, \“मेरी पत्नी अमिता की बेस्ट फ्रेंड नीरजा के साथ स्कूल में पढ़ती थी। नीरजा अपनी जिंदगी का आखिरी विज्ञापन शूट करके विमान में गई थी, वो विज्ञापन मेरी एक दोस्त आयशा सयानी ने बनाया था। इस तरह से नीरजा से मेरा जुड़ाव तो कहीं न कहीं से पहले से ही था। इसलिए अतुल के फोन पर मैंने इस फिल्म के लिए हां बोल दिया। फिल्म में सोनम कपूर (Sonam Kapoor) को कास्ट करने का आइडिया भी अतुल का ही था। उन्होंने मुझसे इस बारे में पूछा भी? तो मैंने कहा कि सोनम बिल्कुल परफेक्ट हैं। फिर मैं, सोनम, अतुल और साइमन साथ में नीरजा की मां, भाई और परिवार से मिलने चंडीगढ़ गए थे।
नीरजा की फैमिली से ली इजाजत
हमने फिल्म बनाने के लिए उनकी अनुमति और आशीर्वाद लिया, फिर आगे सफर शुरू हुआ। इसमें अभिनय के लिए संगीतकार शेखर रवजियानी का मैंने आडिशन लिया था। उनकी मेहमान भूमिका थी। हमारे लिए यह अच्छा था कि शेखर और सोनम पहले से ही दोस्त थे। फिल्म की शूटिंग के लिए हमने बोरीवली के एक मैदान में पूरी बारीकी के साथ प्लेन का सेट बनाया था। उसमें दिखाया गया बाथरूम, स्पीकर सब कुछ वास्तविक विमान जैसा बनाया गया ताकि दर्शकों को वास्तविक अनुभव मिल सके।
मुहूर्त शॉट पर आए थे आमिर खान
विमान के यात्रियों के रूप में लगभग 200 कलाकारों को शामिल किया गया। सभी के साथ वर्कशाप आयोजित की गई। प्लेन के बैकग्राउंड वाले सीन हमने इंदौर एयरपोर्ट पर शूट किए थे। शूटिंग के दौरान मैं हर दिन इंडस्ट्री से अपने अलग-अलग दोस्तों को सेट पर बुलाता था। पहले दिन आमिर खान (Aamir Khan) को मुहूर्त शॉट देने के लिए बुलाया था। उसके बाद विद्या बालन, बमन ईरानी, अनिल कपूर समेत कई सितारे हमारे सेट पर शूटिंग के दौरान आए थे।
मैं तीन-चार कैमरे के सेटअप के साथ लंबे-लंबे शॉट लेता हूं। मैंने फिल्म में एयर होस्टेस, यात्रियों और आतंकियों की भूमिका निभा रहे कलाकारों का अलग-अलग वर्कशाप किया था। जब बिना किसी रिहर्सल के पहला शॉट शूट किया, तो उस शॉट में सभी की एकदम वास्तविक प्रतिक्रिया मिली। क्योंकि हास्टेज, यात्रियों और आतंकियों की भूमिका निभा रहे कलाकारों ने एक दूसरे को पहली बार देखा था।
सेट पर रोज देते थे नीरजा को श्रद्धांजलि
नीरजा भनोट को श्रद्धांजलि देने के लिए शूटिंग के दौरान सेट के एक किनारे पर लगातार एक दीया जलाया जाता था। शूटिंग शुरू होने से पहले उनकी मां भी हमें आशीर्वाद देने सेट पर आई थी। हालांकि, फिल्म रिलीज होने से पहले उनका निधन हो गया। फिल्म की रिलीज से पहले इसकी स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें खेल, सिनेमा और राजनीति जगत के कई लोगों को आमंत्रित किया गया। नीरजा के भाइयों ने भी फिल्म देखी और उसे बेहद सराहा।
फिल्म में नीरजा की मां की भूमिका में शबाना आजमी (Shabana Azmi) जी का भावनात्मक संवाद दर्शकों को इतना छू गया कि सिनेमाघरों से निकलते सभी अपनी मां को याद कर रहे थे। उस सीन की शूटिंग के दौरान शबाना जी की मां अस्पताल में भर्ती थी। शूटिंग से एक दिन पहले मैंने उनसे बात की तो उन्होंने कहा कि मैं अपना सीन तैयार करके आऊंगी। उन्होंने अत्यंत संवेदनशीलता के साथ वह दृश्य शूट किया।
फिल्म के लिए जीता नेशनल अवॉर्ड
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा के समय मैं उत्तराखंड के एक आयुर्वेदिक केंद्र में था। मैंने अपने कमरे में आकर फोन देखा तो करीब 300 मैसेज आए थे। मेरे बेटे ने मुझे सबसे पहले बताया कि आपको राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला है। राष्ट्रीय पुरस्कार लेने मैं, मेरी पत्नी, मेरा बेटा, सोनम और बमन ईरानी साथ गए थे।’
नीरजा 19 फरवरी 2016 को रिलीज हुई थी और इसमें सोनम कपूर ने नीरजा भनोट का किरदार निभाया था। फिल्म को राम माधवानी ने डायरेक्ट किया और इसने बॉक्स ऑफिस पर बेहतरीन प्रदर्शन किया था।
यह भी पढ़ें- Sonam Kapoor की इकलौती ब्लॉकबस्टर ने बदला ओटीटी का समीकरण, 10 साल पुरानी फिल्म का जलवा अभी बरकरार |
|