अध्यक्ष पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खीरवाल। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, चाईबासा। चाईबासा नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी रमेश खीरवाल उर्फ लड्डू चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में घिर गए हैं।
जानकारी के अनुसार उन्हें चुनाव आयोग द्वारा ‘बिस्किट’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। आरोप है कि वे अपने चुनाव प्रचार के दौरान मतदाताओं के बीच खाने के लिए बिस्किट का वितरण कर रहे थे।
मामले की जानकारी मिलते ही चुनाव कार्य के लिए नियुक्त मजिस्ट्रेट ने इसे गंभीरता से लिया। मजिस्ट्रेट ने आरोपों को प्रथम दृष्टया आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए इसकी लिखित शिकायत चुनाव आयोग को भेज दी है।
साथ ही सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन भी दिया गया है। सदर थाना प्रभारी तरुण कुमार ने इसकी पुष्टि की है। बताया कि मजिस्ट्रेट के आवेदन पर शनिवार को केस किया गया है ।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार का प्रलोभन देना नियमों के विरुद्ध है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जा सकती है।
इधर, राजनीतिक गलियारों में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। विपक्षी दलों ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश बताया है, जबकि प्रत्याशी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए हर शिकायत की गंभीरता से जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें- झारखंड निकाय चुनाव: BJP ने 18 बागी नेताओं को भेजा नोटिस, अनुशासनहीनता पर मांगा जवाब |