नप ने आगामी वित्तीय बजट पेश करने की तैयारी की। जागरण
जागरण संवाददाता, गोहाना (सोनीपत)। सोनीपत में नगर परिषद (नप) ने जल्द अपना आगामी वित्तीय बजट पेश करने की तैयारी कर ली है। इस बार लगभग सात फीसद बढ़ोतरी के साथ बजट पेश होने जा रहा है।
पिछले वित्त वर्ष में जहां 38 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया था। वहीं इस बार इसे बढ़ाकर 41 करोड़ रुपये करने की तैयारी है। आय बढ़ाने के लक्ष्य के साथ तैयार किए गए अनुमानित बजट पर फिलहाल अधिकारी मंथन कर रहे हैं। बजट बढ़ने से शहर के विकासकार्यों को रफ्तार मिलेगी।
नप प्रशासन ने आय बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए अनुमानित बजट तैयार कर लिया है। फिलहाल अधिकारी स्तर पर इस बजट के विभिन्न बिंदुओं पर मंथन जारी है। ईओ निशा शर्मा ने आय के प्रमुख स्रोतों की समीक्षा की गई है, जिनमें संपत्ति कर, विभिन्न प्रकार के लाइसेंस शुल्क, किराया और अन्य राजस्व मद शामिल हैं।
अधिकारियों का प्रयास है कि राजस्व संग्रह में सुधार लाकर नगर परिषद की वित्तीय स्थिति को और मजबूत किया जाए। इसके साथ ही व्यय का भी विस्तृत खाका तैयार किया गया है। शहर की सफाई व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं के लिए अलग-अलग मदों में प्रविधान प्रस्तावित किए गए हैं।
विकासकार्यों को प्राथमिकता देते हुए संतुलित बजट तैयार करने पर जोर दिया गया है। अधिकारियों ने तैयार किए गए बजट पर विस्तृत चर्चा की गई। आवश्यक सुझावों और संशोधनों के बाद बजट को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके पश्चात इसे औपचारिक रूप से सदन में प्रस्तुत किया जाएगा।
नप साल-दर साल बढ़ा रही है अपनी आय
नगर परिषद ने वित्त वर्ष 2020-21 में लगभग 16 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। 2021-22 में लगभग 19.99 करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया। 2022-23 में 28.03 करोड़ का बजट पेश किया गया था। 2023-24 में 30.10 करोड़ रुपये और 2024-25 में 35.16 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था।
पिछले वित्तीय वर्ष में लगभग 38 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। इस बार 41 करोड़ रुपये का बजट पेश करने की तैयारी है। नप जो बजट पेश करती है। अधिकतर वर्षा में उसके अनुसार आय के लक्ष्य को भी हासिल कर रही है। मुख्यालय के आदेश पर नप ने इस बार भी वास्तविक बजट तैयार किया है, जिसमें आय का लक्ष्य हासिल किया जा सके। |
|