LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 227
तकनीकी सर्विलांस और लगभग 12 घंटे की पीछा करने के बाद शिमला पुलिस की पकड़ के आए दोनों नशा तस्कर।
संवाद सहयोगी, जीरकपुर। शिमला पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। जीरकपुर में छापेमारी कर गिरोह के दो मुख्य नशा तस्करों अंबाला कैंट निवासी विजय उर्फ डेविड उर्फ बिहारी व जीरकपुर निवासी नितेश शर्मा उर्फ माइक को गिरफ्तार किया है।
दोनों पर हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में हेरोइन की सप्लाई का आरोप है। ट्राईसिटी और पंजाब के रास्तों से हिमाचल में नशे की खेप पहुंचाते थे। जांच में सामने आया है कि शिमला के अलावा ठियोग, रामपुर, कुमारसैन और रोहड़ू क्षेत्रों में भी सक्रिय थे। कुछ महीनों में उन्होंने हिमाचल के 70 से अधिक युवाओं और पैडलर्स को हेरोइन सप्लाई की।
अब तक इस नेटवर्क से 335 ग्राम हेरोइन बरामद की जा चुकी है और करीब 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि आरोपितों की अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है। मुख्य आरोपित विजय वर्ष 2023 में ठियोग पुलिस द्वारा 180 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब शिमला के टुटू क्षेत्र से 11 ग्राम हेरोइन बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि यह खेप विजय से मंगवाई गई थी।
इसके बाद आईएसबीटी शिमला से 30 ग्राम हेरोइन बरामद होने पर मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाली गईं, जिसमें विजय और नितेश की लोकेशन जीरकपुर पाई गई।
तकनीकी सर्विलांस और लगभग 12 घंटे की पीछा करने के बाद पुलिस टीम ने जीरकपुर में दबिश देकर दोनों तस्करों को काबू कर लिया। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए आगे की जांच में जुटी है। |
|