जागरण संवाददाता, गोरखपुर। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री के महादेव झारखंडी तथा मानसरोवर मंदिर में प्रस्तावित दर्शन-पूजन कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए संबंधित क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई, मरम्मत और सुंदरीकरण का कार्य तेज कर दिया गया है।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों में नियमित सफाई, नालियों की देखरेख और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मंदिरों और प्रमुख मार्गों पर पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि रात्रि में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके। इस क्रम में निगम की ओर से तमाम इंतजाम करने का काम शुरू कर दिया गया है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री के यात्रा रूट में आने वाले महादेव झारखंडी क्षेत्र में खुले नालों को ढकने का काम शुरू कर दिया गया है। जलभराव और दुर्गंध की समस्या से बचाव के लिए नालियों की सफाई कर उन पर स्लैब लगाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को असुविधा न हो।
महादेव झारखंडी और मानसरोवर मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए नगर निगम की ओर से पेयजल के लिए टैंकर की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही मोबाइल टायलेट भी लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार ने मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। कूड़ा उठान की व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। |
|