जागरण संवाददाता, बरेली। राइस मिलर मोहम्मद रिहान अहमद के घर गुरुवार रात सात डकैतों ने धावा बोल दिया। तमंचों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर लाखों के जेवर व 8.32 लाख रुपये लूटने के बाद आरोपित भाग रहे थे। उसी दौरान छत से कूदते समय एक आरोपित नन्हे पाल के दोनों पैर टूट गए, सिर फट गया।
उसे भीड़ ने पकड़ा तो अन्य आरोपितों ने छुड़ाने के लिए तमंचों से कई राउंड फायर किए। जवाब में मुहल्ले वालों ने छतों से पत्थर फेंकने शुरू किए तो अन्य आरोपितों को भागना पड़ा। शुक्रवार को पुलिस ने नन्हे व अन्य बदमाशों पर मुकदमा दर्ज किया।
यह है पूरा मामला
धौराटांडा निवासी मोहम्मद रिहान अहमद की यूनाइटेड राइस मिल चलाते हैं। उन्होंने कस्बे से बाहर मियांपुर रोड पर अपना घर बनाया है। स्वजन के अनुसार, गुरुवार रात दो बजे बदमाश मुख्य द्वार का ताला काटकर उनके घर में घुस गए। उनके पिता अकील और मां को तमंचे पर बल पर बंधक बनाने के बाद अन्य स्वजन को सोते से उठाकर हमला कर दिया।
इसमें रिहान का सिर फूट गया। दहशत फैलाने के बाद बदमाशों ने छह तोला सोना के जेवर, चांदी के जेवर व नकदी लूट ली। इसके बाद सभी बदमाश भाग रहे थे, उसी में एक छत से गिर गया। दोनों पैर टूटने के कारण वह नीचे पड़ा था। यह देखकर परिवार के सदस्य शोर करते हुए उसे पकड़ने दौड़े, आसपास के लोग भी आ गए।
यह देखकर अन्य बदमाश कुछ दूर पर खड़े होकर फायरिंग करने लगे। 20 मिनट तक अफरातफरी रही। एक ओर बदमाश फायरिंग कर रहे थे, दूसरी ओर क्षेत्रीय लोग छतों से पत्थर फेंक रहे थे। आखिरकार बदमाशों को भागना पड़ा, जिसके बाद घायल बदमाश नन्हे पाल उर्फ रीतराम को पुलिस के हवाले किया गया।
वह पीलीभीत के महमूदनगर गांव का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, उस पर बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत व हरदोई में लूट, डकैती, चोरी आदि के 12 मुकदमे दर्ज हैं। अब इस घटना में भी नन्हें व उसके साथियों पर लूटपाट, जानलेवा हमला आदि धाराओं में मुकदमा लिखा गया है।
रेकी कर रहे थे बदमाश
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पता चला कि बदमाश गुरुवार रात 12 बजे से राइस मिलर के घर की रेकी कर रहे थे। इसके बाद दो बजे अंदर घुसे। पुलिस का कहना हैं कि कैमरों की फुटेज में तीन बदमाश दिख रहे हैं लेकिन, रिहान के स्वजन का कहना है कि सात बदमाशों ने हमला किया था। जिला अस्पताल में भर्ती नन्हे का कहना है कि वह बरात में आया था। उसी दौरान भीड़ ने पिटाई कर दी।
मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए तो केवल तीन बदमाश ही दिखाई दे रहे हैं। भीड़ ने आरोपित को पकड़ लिया था उसका उपचार कराया जा रहा है। सभी बदमाशों को पकड़ने के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा। |
|