झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा है कि भाजपा निकाय चुनाव के पहले ही हार की हताशा से घिर गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू के आरोपों पर प्रदेश प्रतिक्रिया देते हुए सोनाल ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग पूरी तरह से जिम्मेवारीपूर्वक निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहा है।
शहरी निकाय चुनाव में केंद्रीय सुरक्षा बलों की नियुक्ति की मांग पूरी तरह से हास्यास्पद है। एक तरफ केंद्रीय गृह मंत्री झारखंड को नक्सल मुक्त बताकर केंद्रीय सुरक्षा वालों की संख्या झारखंड में कम कर रहे हैं और झारखंड के शहरी निकाय चुनाव में भाग लेने वाले निवासियों के लिए भाजपा अध्यक्ष केंद्रीय सुरक्षा बलों की मांग कर रहे हैं।
यह विवेक शून्यता का परिचायक है। देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त सीसीटीवी के मसले पर कहते हैं कि सीसीटीवी लगाकर बहू बेटियों का चेहरा सार्वजनिक नहीं किया जा सकता, जिसका भाजपा के केंद्रीय नेता समर्थन भी करते हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने जितने दौरे करके चुनाव आयोग के कार्यालय में ज्ञापन सौंपा है, उतने दौरे जनता के बीच करते और उनकी समस्याओं को जानने का प्रयास करते तो आज भाजपा को यह दिन नहीं देखना पड़ता।
2014 से 2019 तक झारखंड के नगर निकायों में अधिसंख्य पार्षद, मेयर, डिप्टी मेयर,नगर विकास मंत्री, मुख्यमंत्री भाजपा के रहे, केंद्र में भी भाजपा शासन में थी लेकिन झारखंड के शहरों का अपेक्षित विकास नहीं हो पाया। जनता से दूरी बनाने का फल भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को नगर निकाय चुनाव में भुगतना पड़ेगा। |