search

बोकारो में बच्चा चोरी की अफवाहों का कहर, यूपी के संभल के साधुओं और बंगाल की महिलाओं पर भीड़ का हमला

LHC0088 1 hour(s) ago views 22
  

भीड़ के हमले में घायल यूपी के संभल के साधु। (फोटो जागरण)



जागरण संवाददाता, बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में बच्चा चोरी की अफवाह से कोहराम मचा हुआ है। शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। उत्तर प्रदेश के संभल (चंदौसी) से बाबा बैद्यनाथधाम, देवघर जा रहे चार साधुओं को भीड़ ने बच्चा चोर के शक में पकड़कर पीट दिया। पुलिस ने किसी तरह उनकी जान बचाई।

इसी तरह पश्चिम बंगाल से भ्रमण पर आई छह महिलाओं पर भीड़ ने हमला कर दिया। चार महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया, जबकि दो महिलाएं भागकर जान बचाने में सफल रहीं।  
साधुओं से मारपीट की घटना

पहली घटना में उत्तर प्रदेश के संभल (चंदौसी) से बोलेरो से आए चार साधुओं और उनके वाहन चालक की भीड़ ने जमकर पिटाई कर दी। साधुओं पर बच्चा चोर होने का आरोप लगाकर भीड़ ने घटना को अंजाम दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और साधुओं तथा वाहन चालक को भीड़ से बचाकर थाना लाई। आधार कार्ड और बोलेरो के नंबर की जांच में साधुओं और चालक की पहचान सही पाई गई।
मेयर प्रत्याशी को घूम-घूम कर दे रहे थे आशीर्वाद  

चास एसडीपीओ प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि साधु नारायण नाथ, शिव चरण नाथ, अमित नाथ और दयानंद नाथ अपने चालक सुनील के साथ बोकारो आए थे। उनका कहना था कि चास मेयर चुनाव के कारण वे यहां विभिन्न उम्मीदवारों के यहां जा रहे थे। वे आशीर्वाद देकर कुछ दक्षिणा लेते और फिर दूसरे उम्मीदवार के पते पर चले जाते। उनका कहना था कि यहां से कुछ रुपये मिलने के बाद वे देवघर जाकर दर्शन करेंगे और फिर उत्तर प्रदेश लौट जाएंगे।

एसडीपीओ ने बताया कि इसी दौरान वे बंशीडीह चले गए, जहां बच्चा चोर होने के आरोप में भीड़ ने उन्हें पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को थाना लाया।
महिलाओं पर संदेह, चार हिरासत में

दूसरी घटना चंदनकियारी प्रखंड में हुई। विभिन्न गांवों में संदिग्ध रूप से घूम रही स्कार्पियो सवार छह महिलाओं में से चार-कृतिका देवी, संजना देवी, फूसी देवी और संध्या देवी-को ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने हिरासत में लिया, जबकि दो महिलाएं पुलिस को देखकर फरार हो गईं।

घटना शुक्रवार अहले सुबह की है। थाना क्षेत्र के गलगलटांड़ के समीप सड़क किनारे खड़ी एक स्कार्पियो को ग्रामीणों ने घेर लिया। वाहन का नंबर पश्चिम बंगाल के हुगली जिले का बताया जा रहा है।

ग्रामीणों ने बच्चा चोरी गिरोह के संदेह में चालक से पूछताछ की और बाद में वाहन सहित उसे पुलिस के हवाले कर दिया। चालक ने अपना नाम चंदू दास, निवासी बेंडेल (हुगली), बताया।

चालक के अनुसार वह छह महिलाओं को गुरुवार को हुगली से झारखंड घुमाने लाया था। रजरप्पा में दर्शन के बाद शुक्रवार सुबह उन्हें चंदनकियारी में उतारा। वहीं हिरासत में ली गई महिला संजना देवी ने बताया कि वे सभी झारखंड भ्रमण पर आई थीं। भोजुडीह में पूजा कर लौटने के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में बदलते रहे बयान

चालक के मुताबिक महिलाएं टोटो से अलग-अलग गांवों की ओर गई थीं। गांवों में संदिग्ध रूप से घूमने की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने बोगुला मोड़ के पास चार महिलाओं को पकड़ लिया। दो अन्य महिलाएं पुलिस की भनक लगते ही ऑटो से धनबाद की ओर भाग निकलीं।

पकड़ी गई महिलाओं में दो की उम्र लगभग 30 वर्ष और दो अधेड़ बताई जा रही हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने स्वयं को धनबाद निवासी बताते हुए खरीदारी के लिए आने की बात कही, लेकिन चालक द्वारा पहचान किए जाने पर सभी ने हुगली जिले के बेंडेल की निवासी होने की बात स्वीकार की। बयान बदलने से संदेह और गहरा गया है।

इस बीच भोजुडीह के महथा पाड़ा में एक महिला को नाक में कुछ सुंघाकर बेहोश किए जाने की अफवाह भी सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ग्रामीणों ने इसका संदेह भी स्कार्पियो सवार महिलाओं पर जताया है।

महिलाओं को ग्रामीणों की शिकायत पर पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। उनके स्वजन और संबंधित पश्चिम बंगाल के थाने से पुष्टि की जा रही है। यदि कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आती है तो उन्हें छोड़ दिया जाएगा। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।-पप्पू मेहता, पुलिस अवर निरीक्षण, चंदनकियारी थाना
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
159256