LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 396
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा में सभापति द्वारा नाराज होकर सदन छोड़ने के मामले में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज किया है। सपा प्रमुख ने संबंधित वीडियो पोस्ट कर एक्स पर लिखा,‘जनता पूछ रही है, अगला चुनाव भाजपाई आपस में लड़ेंगे क्या?’
उन्होंने लिखा कि भाजपा की हार की हताशा सड़क से लेकर सदन तक पहुंच गई है, अब देखते हैं कौन किसको अवमानना का नोटिस देता है। पहले भाजपा के ही विधायक जी ने भाजपाई मंत्री के साथ सड़क पर सरेआम अभद्रता की, अब फिर भाजपाई विधायक के दुर्व्यवहार के कारण भाजपाई सभापति महोदय सदन में रुष्ट हो गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अपने एक्स अकाउंट के कवर पेज पर ब्रह्मोस के साथ फोटो लगाने को लेकर सपा प्रमुख ने लिखा, ‘अब क्या बुलडोजर की जगह ब्रह्मोस भेजेंगे… दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई कुछ ज़्यादा ही आगे बढ़ गई है क्या?’
वहीं एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लखनऊ-कानपुर के बीच जाम लगने को लेकर लिखा कि दावा तो ये है कि लखनऊ से कानपुर 45 मिनट में पहुंचा देंगे, ‘उल्टी गणित वालों’ से सब पूछ रहे हैं कि दो स्मार्ट सिटी के बीच में ये जो गंगा ब्रिज पर 90 मिनट का जाम लगता है, वो इसमें शामिल है या अनुपूरक बजट की तरह इसकी बात अलग से की जाएगी। भाजपाइयों की यही सबसे बुरी बात है कि जितना बताते नहीं हैं, उससे दोगुणा छिपाते हैं।
गलत फार्म-7 जमा करने वालों पर कार्रवाई की मांग
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा को ज्ञापन भेजकर गलत फार्म-7 भरने वालों के विरुद्ध एफआइआर दर्ज कराने की मांग की है। ज्ञापन में बस्ती, प्रतापगढ़, कुशीनगर के उदाहरण देते हुए कहा गया है कि भाजपा नेताओं द्वारा वैध मतदाताओं के नाम कटवाने के लिए दवाब बनाया जा रहा है। ऐसे फार्म तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएं।
यह भी पढ़ें- नसीमुद्दीन सिद्दीकी सपा में होंगे शामिल, मायावती से अनबन के बाद सियासी वजूद बनाने में किया लंबा संघर्ष |
|