search

होली पर दिल्ली-मुंबई से घर वापसी आसान नहीं, 25 ट्रेनों के स्लीपर में वेटिंग टिकट भी बंद, अब आखिरी उम्मीद पर टिकी निगाह

cy520520 1 hour(s) ago views 492
  

होली पर घर वापसी करने वालों को ट्रेनों में सीटें नहीं मिल पा रही है।



जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रंगों का त्योहार होली अपनों के बीच मनाने की हसरत रखने वालों के लिए इस बार सफर मुश्किल भरा साबित हो रहा है। दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों से उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल की ओर आने वाले प्रवासियों के लिए घर पहुंचना एक बड़ी चुनौती बन गई है।
वेटिंग लिस्ट की सीमा भी हो चुकी है पार

आलम यह है कि दिल्ली-मुंबई रूट की 25 प्रमुख ट्रेनों में अब वेटिंग टिकट मिलना भी बंद हो गया है और रेलवे की भाषा में \“रिग्रेट\“ की स्थिति पैदा हो गई है। इसका सीधा मतलब यह है कि इन ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट की सीमा भी पार हो चुकी है और अब यात्री चाहकर भी इनमें टिकट बुक नहीं करा सकते।
दिल्ली-प्रयागराज की इन ट्रेनों के स्लीपर कोच पैक

दिल्ली से प्रयागराज और पूर्वांचल की ओर आने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी और महाबोधी एक्सप्रेस जैसी प्रतिष्ठित ट्रेनों के स्लीपर कोच पूरी तरह पैक हो चुके हैं। यही हाल सीमांचल, रीवा, पुरुषोत्तम और कालिंदी एक्सप्रेस का भी है, जहां अब बुकिंग पर पूरी तरह रोक लग गई है।
वंदे भारत व राजधानी में भी आरक्षित सीटें उपलब्ध नहीं

यहां तक कि वंदे भारत और राजधानी जैसी प्रीमियम ट्रेनों में भी आरक्षित सीटें उपलब्ध नहीं हैं। अमृत भारत, नेताजी एक्सप्रेस और पूर्वा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में तो वेटिंग लिस्ट का आंकड़ा 200 के पार पहुंच गया है, जिससे यात्रियों की बेचैनी और बढ़ गई है।
मुंबई की महत्वपूर्ण ट्रेनों में टिकट बुकिंग बंद

मायानगरी मुंबई से आने वाले यात्रियों का हाल तो और भी बुरा है। एलटीटी गोरखपुर एक्सप्रेस और बीडीटीएस पटना सुपरफास्ट जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों में टिकट बुकिंग बंद हो चुकी है। मुंबई के अंधेरी (पूर्व) इलाके में रहने वाले और मूल रूप से प्रयागराज के मेजा निवासी सुनील यादव अपनी बेबसी जाहिर करते हुए बताते हैं कि वे पिछले दो महीने से टिकट की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उस समय भी वेटिंग 80 के पार थी। सुनील कहते हैं कि अब तो टिकट मिलना ही बंद हो गया है, ऐसे में समझ नहीं आ रहा कि परिवार के साथ त्योहार मनाने घर कैसे पहुंचेंगे।
मुंबई मेल व गोदान एक्सप्रेस में वेटिंग लिस्ट 100 के पार

इसी तरह कांदिवली में रहकर नौकरी करने वाले अभिषेक मिश्रा, जो मऊआइमा के रहने वाले हैं, बताते हैं कि मुंबई मेल और गोदान एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट 100 के पार चली गई है। अभिषेक का कहना है कि दलाल कंफर्म टिकट के नाम पर दो-गुना दाम मांग रहे हैं, जो उनके बजट से बाहर है। उनके जैसे हजारों प्रवासियों के लिए अब सफर का एकमात्र सहारा रेलवे द्वारा घोषित की जाने वाली \“होली स्पेशल\“ ट्रेनें ही रह गई हैं।
अब स्पेशल ट्रेनों पर टिकी निगाहें

फिलहाल नियमित ट्रेनों में जगह नहीं मिलने के कारण यात्रियों की आखिरी उम्मीद अब रेलवे के अगले कदम पर टिकी है। यदि रेलवे जल्द ही अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं करता है तो बड़ी संख्या में लोग त्योहार पर घर जाने से वंचित रह सकते हैं या उन्हें जान जोखिम में डालकर जनरल कोचों की भीड़ में सफर करना होगा।
इन ट्रेनों में बुकिंग बंद (रिग्रेट की स्थिति)

दिल्ली रूट :

जम्मू मेल, जम्मूतवी संभलपुर एक्सप्रेस, नंदन कानन एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस, महाबोधी एक्सप्रेस, बाबा बैद्यनाथ धाम हमसफर एक्सप्रेस, गोड्डा एक्सप्रेस, लिच्छवी एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, ऊंचाहार एक्सप्रेस, झारखंड एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, कालिंदी एक्सप्रेस, नई दिल्ली-भुवनेश्वर एक्सप्रेस, ब्रह्मपुत्रा मेल और त्रिपुर सुंदरी एक्सप्रेस।

मुंबई रूट :

महानगरी एक्सप्रेस, एलटीटी गोरखपुर एक्सप्रेस और एलटीटी मऊ एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों के स्लीपर कोच में अब कोई भी नया टिकट बुक नहीं हो पा रहा है।

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में पुराना यमुना पुल रोशनी से जगमगाएगा, लगेगी 100 स्ट्रीट लाइटें, आवागमन बेहतर होगा

यह भी पढ़ें- Mahashivratri 2026 महाशिवरात्रि की रात जागृत होंगी आध्यात्मिक शक्तियां, राशि अनुसार भगवान शिव के पूजन से विशेष फल मिलेगा
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1510K

Credits

Forum Veteran

Credits
156729