खुले सार्वजनिक और निजी स्थानों पर साउंड सिस्टम के उपयोग को नियंत्रित किए जाने का फैसला।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। परीक्षा सत्र को देखते हुए पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। वीरवार को सेक्टर-9 स्थित पुलिस मुख्यालय में एसएसपी कंवरदीप कौर की अध्यक्षता में शहर की सभी डीजे एसोसिएशन के प्रतिनिधियों, होटलों, मैरिज पैलेस, बैंक्वेट हाल, क्लब और अन्य कार्यक्रम स्थलों के मालिकों व प्रबंधकों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य खुले सार्वजनिक और निजी स्थानों पर साउंड सिस्टम के उपयोग को नियंत्रित करना तथा परीक्षा के दौरान छात्रों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना था। इस दौरान ‘नाइज पाल्यूशन (रेगुलेशन एंड कंट्रोल) रूल्स’ और अन्य संबंधित कानूनी प्रविधानों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए गए।
एसएसपी कंवरदीप कौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रतिष्ठान दिन और रात के निर्धारित समय, विशेषकर रात 10 बजे के बाद साउंड सिस्टम के संचालन संबंधी नियमों का सख्ती से पालन करें। परीक्षा अवधि के दौरान विशेष सावधानी बरतने पर जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी कार्यक्रम में साउंड सिस्टम के उपयोग से पूर्व सक्षम प्राधिकारी से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति के आयोजन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्कूलों व रिहायशी क्षेत्रों के पास विशेष सतर्कता
रिहायशी इलाकों और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने साफ किया कि नियमों के उल्लंघन पर आयोजकों, स्थल प्रबंधकों और डीजे संचालकों को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराया जाएगा।
पुलिस ने शहरवासियों और कार्यक्रम आयोजकों से अपील की है कि वे जिम्मेदारी निभाते हुए शांत और व्यवधान-मुक्त वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि परीक्षा दे रहे विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। |
|