उत्तर और दक्षिण में बनेंगे टेंपो स्टैंड
जागरण संवाददाता, पटना सिटी(पटना)। पटना सिटी के गायघाट इलाके में लगने वाले भीषण जाम से लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। जेपी गंगा पथ को अशोक राजपथ, कोर्ट रोड और एनएमसीएच मार्ग से जोड़ने वाले रास्तों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण रोजाना अफरातफरी का माहौल रहता है। मरीजों और आम नागरिकों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। गुरुवार को प्रशासन ने इस गंभीर समस्या पर सख्त रुख अपनाया।
एसडीओ-एएसपी ने किया स्थल निरीक्षण
अनुमंडलाधिकारी सत्यम सहाय और एएसपी राजकिशोर सिंह अधिकारियों व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गायघाट से डंका इमली होते हुए बैरियर तक पूरी व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे खड़े वाहनों और अवैध कब्जों को चिह्नित किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अब स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई होगी।
अशोक राजपथ से हटेगा अवैध टेंपो स्टैंड
अशोक राजपथ पर बने अवैध टेंपो स्टैंड को हटाने का निर्णय लिया गया है। सड़क के उत्तर दिशा में स्थित मिक्सिंग प्लांट वाली खाली जगह को चिन्हित कर वहां अधिकृत टेंपो पड़ाव बनाया जाएगा। दक्षिण दिशा में गांधी सेतु के नीचे भी एक नया टेंपो स्टैंड विकसित किया जाएगा। सड़क पर टेंपो खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
सेतु के नीचे से हटेगा अतिक्रमण
गायघाट से डंका इमली और बैरियर तक गांधी सेतु के नीचे फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया गया। अतिक्रमणकारियों को 24 घंटे के भीतर कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि तय समय के बाद बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।
डंका इमली मंडी होगी शिफ्ट
डंका इमली गोलंबर पर सब्जी विक्रेताओं के कारण भी जाम की स्थिति बनी रहती है। नगर निगम कई बार अभियान चला चुका है, लेकिन समस्या बनी रही। निरीक्षण के दौरान सड़क पर लगी दुकानों को हटवाया गया। एसडीओ ने बताया कि सेतु के पीछे के खाली हिस्से में सब्जी मंडी को शिफ्ट करने की योजना है।
वेंडिंग जोन कराया जाएगा खाली
बिस्कोमान गोलंबर के पास नगर निगम द्वारा बनाए गए वेंडिंग जोन पर फिलहाल कब्जा है। यह स्थान मूल रूप से डंका इमली के सब्जी विक्रेताओं के लिए निर्धारित था। प्रशासन ने निगम अधिकारियों से समन्वय कर वेंडिंग जोन खाली कराने और व्यवस्थित रूप से मंडी स्थानांतरित करने की बात कही है।
जाम मुक्त गायघाट का लक्ष्य
प्रशासन का उद्देश्य गायघाट क्षेत्र को जाम मुक्त बनाना है। टेंपो स्टैंड के व्यवस्थित निर्माण और अतिक्रमण हटाने से यातायात सुचारु होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने संकेत दिया कि आगे भी नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। |
|