जादू-टोना के संदेह में दो की हत्या।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली में युवक ने पड़ोस में रहने वाले अपने रिश्ते के मामा और चाची को पूजा के बहाने घर बुलाया और कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपित युवक को संदेह था कि इन दोनों ने ही जादू-टोना किया था जिसके कारण उसकी पत्नी का गर्भपात हुआ था। वह उन पर तब तक वार करता रहा, जब तक उनके सिर धड़ से अलग नहीं हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे दो लोगों पर भी उसने कुल्हाड़ी से हमला किया। दोनों अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने हत्यारोपित को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही कुल्हाड़ी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपित और दोनों मृतक व घायल एक-दूसरे के नातेदार बताए गए हैं।
देवसर के एसडीओपी गायत्री तिवारी ने बताया कि अभी तक की जांच में सामने आया है कि आरोपित की पत्नी का गर्भपात हो गया था। इसको लेकर वह पिछले छह माह से तनाव में थे। उसे लग रहा था कि पड़ोस में रहने वाली चाची और मामा ने उसके परिवार पर कोई जादू-टोना किया था। |
|