सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। सिरफिरा युवक शादी का दबाव गांव की युवती पर बना रहा है। शादी न करने पर चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी गई। इससे युवती और उसका परिवार दहशत में है। डर के कारण उन्होंने गांव छोड़ दिया है।
युवती ने सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित कर सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष कई बार कहने के बाद भी तहरीर नहीं दे रहा है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सदर क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित किया है। आरोप लगाया कि गांव का ही युवक व उसका परिवार शादी के लिए दबाव बना रहे थे। इन्कार करने पर गाली-गलौज करते हुए धमकी दी गई।
युवक ने धमकी दी है कि अगर उसने शादी नहीं की तो वह चेहरे को तेजाब से जला देगा। युवती का कहना है कि पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। दहशत के चलते युवती अपने परिवार के साथ गांव छोड़कर रिश्तेदारी में रहने के लिए चली गई है।
सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए वीडियो का पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
इंस्पेक्टर सदर विजय विक्रम सिंह ने बताया कि युवती के स्वजन से पिछले पांच दिन से तहरीर देने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन उन्होंने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। |
|