मृतक हसमुद्दीन अंसारी की फाइल फोटो। जागरण
संवाद सूत्र, गौरीबाजार, (देवरिया)। देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर देवगांव के पास सोमवार देर रात सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गई। युवक अपने मित्र के यहां से पार्टी कर बाइक से घर लौट रहा था, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मृतक की पहचान मस्जिदिया थाना बघौचघाट के रहने वाले हसमुद्दीन अंसारी पुत्र खलील अंसारी के रूप में हुई है। वह उसरा बाजार क्षेत्र के एक कारखाने में कार्यरत थे और देवरिया में पत्नी व दो बच्चों के साथ रहते थे। गांव में माता-पिता और छोटे भाई की जिम्मेदारी भी उनके ऊपर थी।
यह भी पढ़ें- देवरिया में चाचा ने छह साल की भतीजी को उतारा मौत के घाट, नदी में फेंका शव
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा परिजनों को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। |