LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 202
क्रिकेटर बने राधावल्लभलाल।
संवाद सहयोगी, जागरण, वृंदावन। क्रिकेट की किट पहने हाथ में बॉल लिए एक क्रिकेटर के रूप में ठाकुर राधावल्लभलाल ने भक्तों को दर्शन दिए तो विलक्षण दर्शन कर भक्त आल्हादित हो गए। भक्तों के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। मौका था खिचड़ी उत्सव में ठाकुरजी के छद्मरूप में दर्शन का।
राधावल्लभ मंदिर में खिचड़ी उत्सव में दिए ठाकुरजी ने अनोखे दर्शन
श्रीहित हरिवंश महाप्रभु के सेव्य ठाकुर राधावल्लभलाल को सर्दी के दिनों में गर्माहट देने के लिए सेवायत प्रतिदिन गर्म पंचमेवायुक्त खिचड़ी भोग में पराेस रहे हैं। एक महीने तक चलने वाले इस खिचड़ी उत्सव में ठाकुरजी प्रतिदिन सुबह छद्मरूप में भक्तों को दर्शन दे रहे हैं।
कभी भोलेनाथ, बांकेबिहारी, ग्वाला और कभी माता यशोदा बनकर भक्ताें को दर्शन देकर आराध्य राधावल्लभलाल आल्हादित कर रहे हैं। यही कारण है कि ठिठुरनभरी सर्दी में हर दिन सुबह छह बजे तक मंदिर परिसर ठाकुरजी के विलक्षण दर्शन की झलक पाने को भक्तों की भीड़ से पट रहा है।
मंदिर में दर्शन के लिए उमड़े श्रद्धालु, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर
रविवार सुबह छह बजे भक्तों की भीड़ से खचाखच भरे मंदिर परिसर में सेवायतों ने ठाकुरजी के जगार के पदों का गायन शुरू किया। मंगला आरती से पहले खिचड़ी उत्सव के पद गाए गए। सुबह सात बजे मंगला आरती के लिए पट खुले तो ठाकुरजी क्रिकेटर के रूप में भक्तों को दर्शन दे रहे थे। ठाकुरजी की अनोखी छवि के दर्शन कर भक्तों के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। |
|