देश के उत्तरी हिस्सों में शीतलहर जारी। (फाइल)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के उत्तरी हिस्सों में शीतलहर जारी है। रविवार को जम्मू-कश्मीर के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई और सोनमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में, खासकर घाटी के ऊंचे इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान व्यक्त किया है।
हिमाचल प्रदेश की ऊंची पहाड़ियों पर कुछ जगहों पर हल्की बर्फबारी हुई है। राजधानी दिल्ली रविवार सुबह घने कोहरे की चपेट में रही और न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 2.3 डिग्री कम है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
शोपियां में न्यूनतम तापमान माइनस 6.7 डिग्री
दक्षिण कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान माइनस 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस छह डिग्री सेल्सियस रहा। हिमाचल प्रदेश के लाहौल एवं स्पीति जिले के कोक्सर और हंसा गांवों में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। हमीरपुर, ऊना और मंडी में क्रमश: 2.1, 2.7 और 3.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
ऊंचे इलाकों में 20 जनवरी तक हल्की बर्फबारी- मौसम विभाग
मौसम विभाग ने कहा है कि राज्य के ऊंचे इलाकों में 20 जनवरी तक हल्की बर्फबारी जारी रहेगी, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।पंजाब में सबसे कम 1.7 डिग्री सेल्सियस तापमान अमृतसर में दर्ज किया गया। होशियारपुर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी चंडीगढ़ में भी 5.5 डिग्री सेल्सियस के साथ रात ठंडी रही, जो सामान्य से दो डिग्री कम है।
फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज
पंजाब के पटियाला और फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लुधियाना में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस, गुरदासपुर में 5.8 डिग्री सेल्सियस, जबकि बठिंडा में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में, नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गुरुग्राम का न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री रहा, जबकि रोहतक में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा।
झारखंड के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर- मौसम विभाग
मौसम विभाग ने बताया कि झारखंड के कुछ हिस्सों में भी शीतलहर की स्थिति बनी रही, क्योंकि 11 जिलों में पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में 3.1 डिग्री सेल्सियस, उसके बाद खूंटी में 3.9 डिग्री सेल्सियस और पलामू में 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस, चाईबासा में 8.2 डिग्री सेल्सियस और जमशेदपुर में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ) |
|