गोवि खेल मैदान में गुनगुनी धूप का आनंद लेती छात्राएं। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जनवरी की ठंड को प्रासंगिक बनाए रखने के लिए पश्चिमोत्तर के पहाड़ों से आ रही सर्द पछुआ हवा धूप से संघर्ष कर रही है। धूप की मजबूत मौजूदगी के चलते उसे दिन में तो सफलता नहीं मिल रही है लेकिन शाम ढलते वह प्रभावी हो जा रही है।
रात का तापमान गिरा दे रही है। शुक्रवार को तापमान का आंकड़ा इसका प्रमाण है। दिन का तापमान जहां 21 डिग्री से ऊपर बना रहा। वहीं न्यूनतम तापमान मात्र 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। बीते दिन के मुकाबले न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय के अनुसार, पछुआ हवा की 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की जहां मौसम की धुंध को उठाकर धूप को निकलने का अवसर दे रही है, वहीं शाम ढलने के बाद धूप की नामौजूदगी में ठंड को बढ़ा दे रही है। दिन में धूप निकलने और रात में तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड होने का क्रम फिलहाल अगले दो-तीन दिन तक जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- सीएम योगी को दिया देवभूमि के देवदार से बना आस्था का सिंहासन, बिखर रही खास सुगंध
उसके बाद पुरुवा हवा के प्रभावी होने की वायुमंडलीय परिस्थितियां तैयार हो रही हे। ऐसे में अधिकतम तापमान के गिरकर 15 से 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और कोहरे का प्रभाव बढ़ने का पूर्वानुमान है।
हालांकि यह क्रम में अधिकतम तीन से चार दिन चलेगा। उसके बाद ठंड का प्रभाव कम होने लगेगा। कोहरा भी नहीं के बराबर बनेगा। फरवरी की शुरुआत से ठंड का प्रभाव तेजी से घटना शुरू हो जाएगा। |
|