नोएडा में उल्टी दिशा में वाहन दौड़ाते लोग। जागरण
मुनीश शर्मा, नोएडा। चंद मिनट बचाने के लिए वाहन सवार लोग विपरीत दिशा में फर्राटा भर रहे हैं। लोगाें की जल्दबाजी और जरा सी चूक खुद के साथ-साथ अन्य लोगों की जिंदगी पर भी भारी पड़ जा रही है।
यातायात पुलिस चालान कर सख्ती बरतने का दावा कर रही है, लेकिन धरातल पर सख्ती का असर नहीं दिख रहा है। चालान के बाद भी लोगों के विपरीत दिशा में वाहन दौड़ाने की आदत में बदलाव नहीं आ पा रहा है। फिर कैसे सड़क हादसों का ग्राफ नीचे लाया जा सकेगा, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी राजीव कृष्णा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह चलवाकर हादसों में होने वाली मौतों को कम करने की दिशा में प्रयासरत हैं।
गौतमबुद्ध नगर में एक्सप्रेस-वे, हाईवे के अलावा बड़ी-बड़ी आंतरिक सड़के भी हैं। जिले में सड़कों पर 152 ऐसी जगह चिह्नित की गई। जहां पर यूटर्न, गोल चक्कर हैं। वहां पर लोग विपरीत दिशा में वाहन दौड़ाते हैं। इस लापरवाही के चलते आमने-सामने से वाहन टकराते हैं।
यातायात नियमों का पालन नहीं होने से सामान्य हादसा भी जीवनभर का दर्द दे जाता है। समय पर उपचार नहीं मिलने से घायलों की जान तक चली जा रही है। इन सभी जगहों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जा रही है, ताकि लोगों को विपरीत दिशा में वाहन चलाने से रोका जा सके।
पुलिस कर्मियों के माध्यम से विपरीत दिशा में वाहन नहीं दौड़ाने की भी अपील की जा रही है। फिर भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है। यातायात पुलिस वाहनों के चालान भी काट रही है।
पिछले साल कटे से 2.21 लाख चालान
यातायात पुलिस ने विपरीत दिशा में वाहन दौड़ाने वालों पर पिछले साल भी कार्रवाई की थी। 2025 में 2.21 लाख चालान काटे गए थे। हर माह औसतन 18 हजार से ज्यादा चालान विपरीत दिशा में चलने को लेकर काटे जाते हैं। इससे पूर्व के सालों में इसी तरह से कार्रवाई की गई, लेकिन धरातल पर असर नहीं दिख रहा है। सबसे बड़ा सवाल अभी भी यह है कि लोगों की आदत में कैसे बदलाव लाया जाए।
माह विपरीत दिशा के चालान
जनवरी
15,789
फरवरी
19,608
मार्च
17,802
अप्रैल
17,535
मई
21,717
जून
19,553
जुलाई
19,588
अगस्त
16,229
सितंबर
11,767
अक्टूबर
12,974
नवंबर
28,081
दिसंबर
20,347
लोगों को जागरूक करने संग विपरीत दिशा में वाहन दौड़ाने वालों पर पैनी नजर रखी जा रही है। यूटर्न व गोल चक्कर के आसपास पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई जा रही है। फिर भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। लोगों से भी अपील है कि वह खुद भी विपरीत दिशा में वाहन चलाने से बचें। - मनीषा सिंह, एडीसीपी यातायात गाैतमबुद्ध नगर |