जागरण संवाददाता, नोएडा। यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर हूटर व सायरन लगाकर चलने वाले 17 वाहनों पर रविवार को कार्रवाई की। साथ ही पुलिस टीम ने 6619 वाहनों के चालान काटे। बिना यातायात नियमों का पालन कर संचालित हो रहे 21 वाहनों को सीज भी किया। आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
उधर, यातायात पुलिस ने लोगों को नियमों के प्रति जागरूक भी किया। लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
डीसीपी यातायात प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि यातायात पुलिस टीम ने रविवार को चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने मैनुअल तरीके से 2934 वाहन और आइएसटीएमएस कैमरों से 3685 वाहनों के चालान काटे। इनमें बिना हेलमेट के चलने वाले 2530, हूटर व सायरन लगाकर चलने वाले 17 व ओवरस्पीड वाले 398 वाहन शामिल रहे।
उधर, यातायात पुलिस टीम ने सेक्टर 62 पर जागरूकता अभियान चलाया गया। वाहन चालकों को यातायात नियम व संकेतों की जानकारी दी गई। |