जागरण संवाददाता, गोरखपुर। नगर निगम बोर्ड की बैठक सोमवार को महापौर डा. मंगलेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित होगी।
इसमें नगर निगम कार्यकारिणी के द्वारा स्वीकृत वर्ष 2025-26 के 1093 करोड़ के पुनरीक्षित बजट के अलावा निगम से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
निगम कार्यकारिणी के द्वारा स्वीकृत 1064 करोड़ के मुकाबले बोर्ड बैठक में प्रस्तुत किए जाने वाले पुनरीक्षित बजट में करीब 29 करोड़ की बढोतरी की गई। इसमें सबसे ज्यादा बजट 739 करोड़ रुपये निर्माण पर प्रस्तावित किया गया है।
बजट के तहत आय-व्यय स्थिति, आगामी वित्तीय दायित्व, कर प्रस्ताव, विभिन्न परियोजनाओं पर होने वाले अनुमानित खर्च और शहर में चल रहे विकास कार्यों के लिए वित्तीय आवंटन पर चर्चा प्रस्तावित है। निगम की ओर से वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 760 करोड़ की आय का बजट तैयार किया गया था।
वहीं खर्च के लिए 910 करोड़ रुपये अनुमानित किया गया था। वहीं पुनरीक्षित बजट 1064 करोड़ को कार्यकारिणी की मंजूरी दी गई। अब इसमें 29 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी करते हुए कुल 1093 करोड़ रुपये के पुनरीक्षित बजट को सोमवार को आयोजित नगर निगम बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा।
इसमें अधिष्ठान पर 170 करोड़, जलापूर्ति पर 67 करोड़, स्वास्थ्य एवं सफाई पर 60 करोड़, पथ प्रकाश पर 19 करोड़, निर्माण पर 739 करोड़ रुपये और विभिन्न मद में 38 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रविधान किया गया है। वहीं, बैठक के दौरान विकास कार्य नहीं होने से नाराज पार्षदों के द्वारा विरोध की भी आशंका जताई जा रही है।
नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल के अनुसार सदन में बीते 13 अक्टूबर को आयोजित 15वीं बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की जाएगी। इसके बाद नई कार्यसूची पर विचार होगा। वहीं 20 जुलाई 2025 को हुई 14वीं बैठक में कार्यकारिणी समिति के छह सदस्यों के निर्वाचन से संबंधित बिंदु को सूचनार्थ सदन में रखा जाएगा।
बैठक में खिचड़ी मेला की तैयारियों से जुड़े प्रस्ताव भी रखे जा सकते हैं। मेला अवधि के दौरान साफ-सफाई, यातायात, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और स्टाल आवंटन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके लिए पुनरीक्षित बजट में अतिरिक्त प्रविधान किया जा सकता है। |