सांकेतिक तस्वीर।
संवाद सूत्र, जागरण चंडौस। क्षेत्र के गांव टिकरी में चर्चित लुटेरी दुल्हन मामले में शनिवार को उस समय नया और दिलचस्प मोड़ आ गया, जब आरोपित बताई जा रही महिला खुद थाने पहुंची और अपनी आपबीती पुलिस को बताई। महिला ने साफ कहा कि वह कोई लुटेरी दुल्हन नहीं है और न ही उसकी किसी से शादी हुई है।
टिकरी लुटेरी दुल्हन मामले में आया नया मोड़
महिला का कहना है कि हरज्ञान सिंह से उसकी पहचान पहले से थी। उसकी मां के इलाज के दौरान हरज्ञान ने करीब 19 हजार रुपये की मदद की थी। इसी दौरान वह चार-पांच दिन के लिए उसके यहां आकर रुकी थी। महिला ने आरोप लगाया कि हरज्ञान के एक दोस्त ने शराब के नशे में उसके साथ अश्लील हरकत की, जिससे वह असहज हो गई। महिला के अनुसार, बाद में हरज्ञान खुद उसे दिल्ली छोड़कर आया था।
सफाई देने थाने पहुंची महिला
महिला ने बताया कि जब इंटरनेट मीडिया पर उसे लुटेरी दुल्हन बताकर खबरें प्रसारित हुईं, तब वह अपनी सफाई देने के लिए थाने पहुंची। इससे पहले गांव टिकरी निवासी हरज्ञान सिंह ने थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसके साथ दो बार दुल्हन बनाकर महिलाएं भेजी गईं, जो घर से सोना-चांदी और नकदी लेकर फरार हो गईं। पीड़ित के अनुसार, इस तरह उससे अलग-अलग तरीकों से करीब 2.70 लाख रुपये की ठगी हुई।
हरज्ञान की तहरीर पर पुलिस ने केहर सिंह, महेश, विशन, आज़ाद और गम्मन व एक महिला के खिलाफ धोखाधड़ी और मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। दोनों पक्षों की बातों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। |