झारखंड के गांवों में खुलेंगे अबुआ मेडिकल स्टोर। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। आदित्यपुर आटो क्लस्टर स्थित नेताजी सुभाष मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल (एनएसएमसीएच) के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में अब ग्रामीणों की स्वास्थ्य जागरूकता एवं दवाइयों के इस्तेमाल की जानकारी देने के लिए गांव में अबुआ मेडिकल स्टोर खोले जाएंगे।
इसके लिए मुख्यमंत्री की ओर से सहमति मिल चुकी है। प्रथम चरण में राज्य के 740 गांव में अबुआ मेडिकल स्टोर खुलेंगे। यह अबुआ स्टोर ग्रामीण इलाकों में होंगे, ताकि आम लोगों को वहां से दवाओं के बारे में सही जानकारी भी मिल सके। स्वास्थ्य जागरूकता के तहत चलाएं जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी भी गांव के ग्रामीणों को मिल सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दिल्ली में 12 जनवरी को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के साथ बैठक है। इस बैठक में वे झारखंड के प्रत्येक जिले में कम से कम एक मेडिकल कालेज एवं हाईटैक लैब स्थापित करने की मांग करेंगे। ऐसा करने पर राज्य में स्वास्थ्य का एक बेहतर इको सिस्टम विकसित होगा। स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने में निजी भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा एनएसएमसीएच सरकारी अस्पतालों पर बोझ कम करने और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा और उपचार तक पहुंच में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यह मेडिकल कालेज झारखंड के लिए स्वास्थ्य सेवा में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक मजबूत कदम है। वर्त्तमान समय में झारखंड राज्य में 10 मेडिकल अस्पताल संचालित हैं और 8 अस्पताल प्रस्तावित हैं। हमारा लक्ष्य है कि राज्य के प्रत्येक जिले में मेडिकल कालेजों की स्थापना का है।
राज्य में ही होगा बोन मैरो ट्रांसप्लांट
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि अब झारखंड में सिकल सेल और थैलेसीमिया के मरीजों की सरकार जांच कराई जाएगी। किस जिले में कितने सिकल सेल और थैलेसीमिया के मरीज हैं। इसका आंकड़ा सामने आएगा। इसके बाद सरकार सभी थैलेसीमिया और सिकल सेल के मरीजों का इलाज होगा। अब तक इन मरीजों का इलाज झारखंड के बाहर होता था। इन मरीजों को दूसरे राज्य जाना पड़ता था। अब झारखंड में ही इन मरीजों का इलाज उपलब्ध होगा। इसके लिए सरकार काम कर रही है।
सिर्फ यही नहीं रांची में बोन मेरो ट्रांसप्लांट की सुविधा भी शीघ्र उपलब्ध होगी। स्वास्थ्य मंत्री मीडिया पर भी भड़के। बोले उल्टा पुल्टा चला देते हैं। ऐसा मत कीजिए। हम झारखंड के मेडिकल सिस्टम को ठीक कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम झारखंड में डाक्टरों की संख्या बढ़ाने के लिए पूरी कोशिश कर रहे हैं। |
|