search

लेह में देश का सबसे ऊंचा कृत्रिम आइस हाकी रिंक तैयार, अब गर्मियों में भी खेल सकेंगे देश-विदेश के खिलाड़ी

LHC0088 2026-1-7 12:27:10 views 359
  

यह लद्दाख में आइस हॉकी को बढ़ावा देगा और पर्यटन को भी आकर्षित करेगा, जिससे साल भर खेल गतिविधियां संभव होंगी।



राज्य ब्यूरो, जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह में बना देश का सबसे उंचा कृत्रिम आइस हाकी रिंक प्रदेश में प्रसिद्घ इस खेल को वर्ष 2026 से नई उंचाइयां तक पहुंचाएगा। गर्मियों के महीनों में भी इस आइस हाकी रिंक में खेल मुकाबलों में देश, विदेश के खिलाड़ी हिस्सा ले पाएंगे।

लेह में बनकर तैयार यह कृत्रिम आइस हाकी रिंक आज बुधवार से गुलजार हो जाएगा। रिंक में बच्चों के लिए बेसिक कैंप के साथ ही इस आइस हाकी रिंक में खेल गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। लद्दाख में आइस हाकी खेल को बढ़ावा देने के लिए बनाए गए इस रिंक का औपचारिक उद्घाटन लेह में बीस जनवरी को खेल इंडिया नेशनल विंटर गेम्स के उद्घाटन के साथ होगा।

अब तक लद्दाख के लेह जिले के बर्फ से जमे खेल मैदानों में सिर्फ सर्दियों में तीन महीनों में आइस हाकी खेलना संभव होता था। बाकी के 9 महीनों में आइस हाकी के खिलाड़ी प्रशिक्षण नही ले पाते थे। अब कृत्रिम हाकी रिंक बनने के बाद साल के बारह महीने आइस हाकी खेलना संभव होगा व गर्मियों के महीनों में इस आइस हाकी रिंक में देश के विभिन्न हिस्सों के आइस हाकी खिलाड़ी जोश दिखाएंगे।
51 करोड़ की लागत से तैयार किया गया नया रिंक

लेह में करीब ग्यारह हजार फुट पर नवांग दोरजे स्तोब्दान स्टेडियम में 51 करोड़ रूपये की लागत से तैयार किए गया नया आइस हाकी रिंक क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। आइस हाकी रिंक में पांच हजार के करीब दर्शकों के बैठने की जगह है। ऐसे में लद्दाख धूमने आए पर्यटक भी पूरा साल इस रिंक में आकर आइस हाकी खेल के रोमांच का मजा ले  पाएंगे। कृत्रिम रिंक के पूरा होने से आइस हाकी खिलाड़ियों के साथ लेह के निवासियों में भी जोश है।

लद्दाख आइस हाकी संगठन के संयुक्त सचिव टुंडुप नाम्गयाल ने जागरण को बताया कि नया आइस हाकी रिंक लद्दाख से देश के कई नामी गिरामी आइस हाकी खिलाड़ी तैयार करेगा। इस समय देश करी टीम में खेल रहे खिलाड़ियों के साथ यह रिंक नई प्रतिभा को सामने लाने में अहम भूमिका निभाएगा।
रिंक में खेल गतिविधियों के नए युग का आगाज

यह रिंक बच्चों के लिए अहम साबित होगा। ऐसे में हम बुधवार से लेह के बच्चों को आइस हाकी खेल सिखाने के लिए बेसिक कैंप का आयोजन करने जा रहे हैं। खेल इंडिया विंटर नेशनल गेम्स के साथ इस रिंक में खेल गतिविधियों के नए युग का आगाज हो जाएगा।

लद्दाख खेल विभाग के सचिव मोसेस कुंजांग का कहना है कि लद्दाख में बड़े पैमाने पर आइस हाकी खेलों को बढ़ावा देने की तैयारी हो रही है। उन्होंने बताया कि फरवरी महीने तक बड़े पैमाने पर बर्फ में खेले जाने वाले खेलों के आयोजन की तैयारी हो रही है। लद्दाख में आइस हाकी के लिए विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार किया गया है। बेहतर खेल सुविधाएं देकर क्षेत्र के युवाओं को बर्फ के खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका दिया जा रहा है।
सर्दियों में गर्माहट लाएगा आइस हाकी का जोश

आइस हाकी का खेल लद्दाख की कड़ी ठंड में जोश लाने के लिए तैयार है। बीस जनवरी को लेह में खेलो इंडिया विंटर गेम्स से पहले 16 जनवरी को कारगिल में एलजी कप आइस हाकी प्रतियोगिता शुरू होने जा रही । वहीं रायल एनफील्ड आइस हाकी लीग का आयोजन 29 जनवरी से होगा।

इसके बाद लेह में एलजी कप हाकी व अन्य कई खेल प्रतियोगिताओं के भी आयोजन की तैयारी है। लद्दाख के दूरदराज इलाकों में दिसंबर महीने के दूसरे पखवाड़े में आइस हाकी मुकाबले जोर पकड़ गए थे। इस दौरान लेह में भारतीय सेना की ओर से गलवन कप आइस हाकी व लेडी कैडेट स्टेंजिन ओडज्स आइस हाकी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया।
like (0)
LHC0088Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
LHC0088

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
164227