search

Weather Update: झारखंड में अभी और गिरेगा पारा, 8 जनवरी तक सभी स्कूल बंद; IMD ने जारी की चेतावनी

Chikheang 2026-1-6 07:56:27 views 704
  

ठंड से कांपती छात्राएं। फाइल फोटो



राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए राज्य सरकार ने आठ जनवरी तक सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। सोमवार को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, राज्यभर के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त, गैर-सरकारी (अल्पसंख्यक स्कूलों सहित) और निजी स्कूल छह जनवरी से आठ जनवरी तक बंद रहेंगे।

यह निर्देश प्री-नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों पर लागू होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में सरकारी स्कूलों के शिक्षक और गैरशैक्षणिक कर्मचारी अपने-अपने स्कूल व संस्थानों में उपस्थित रहेंगे।

बंद के दौरान निर्धारित प्री-बोर्ड परीक्षाएं ली जा सकेंगी। विभाग ने इसके संबंध में स्कूलों के सक्षम अधिकारियों को मौजूदा मौसम की स्थिति का आकलन करने के बाद उचित निर्णय लेने का निर्देश दिया है।
तेजी से गिर रहा तापमान

सोमवार को लोहरदगा में राज्य का सबसे कम तापमान 3.4 डिग्री रहा, इसके बाद गुमला में 4.1 डिग्री और लातेहार में तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, राज्य की रांची में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अभी झारखंड में शीतलहर जारी रहने की बात कही है।

मौसम भविष्यवाणी में कहा गया है कि अगले दो-तीन दिनों में कई इलाकों का न्यूनतम तापमान गिरकर लगभग पांच डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, खासकर पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग जैसे जिलों में। इसके अलावा, उत्तरी और पश्चिमी झारखंड में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर के बीच रह सकती है।

रांची, जमशेदपुर, धनबाद, देवघर और पलामू सहित अन्य जिलों में भी अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि ऐसी अत्यधिक ठंड की स्थिति में लंबे समय तक रहने से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। इसी को देखते हुए राज्य सरकार ने छात्रों की सुरक्षा के लिए एहतियाती कदम उठाए हैं।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
167737