सत्र दो चरणों में आयोजित होने की संभावना है, जिसमें बजट पारित किया जाएगा।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। केंद्र शासित जम्मू कश्मीर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र-2026 ,दो फरवरी को शुरु होगा।उपराज्यपाल ने सत्र बुलाने की उद्घोषणा कर दी है। इसके साथ ही विधानसभा सचिवालय ने भी सभी सदस्यों को सदन की कार्यवाही में शामिल किए जाने वाले तारांकित-गैर तारांकित प्रश्नों , निजि विधेयकों और प्रस्तावों को जमा करने के लिए कहा है। सत्र की शुरुआत उपराज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगी।
आपको बता दें कि 31 अक्टूबर 2019 को अस्तित्व में आए केंद्र शासित जम्मू कश्मीर प्रदेश विधानसभा का यह दूसरा वार्षिक बजट सत्र होगा। केंद्र शासित जम्मू कश्मीर में पहली विधानसभा का गठन अक्टूबर 2024 में हुआ था और विधानसभा का पहला सत्र मार्च-अप्रैल, 2025 में संपन्न हुआ था।
जम्मू कश्मीर विधानसभा के सचिव मनोज कुमार पंडिता के अनुसार, जम्मू कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम, 2019 की धारा18(1) के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू कश्मीर प्रदेश विधानसभा का दोफरवरी 2026 को जम्मू में सत्र बुलाया है।
विधानसभा सदस्यों को सत्र में शामिल होने की दी सूचना
उन्होंने बताया कि प्रदेश विधानसभा के सभी सदस्यों को सूचित किया गया है कि वह आगामी सत्र की कार्यवाही में शामिल किए जाने वाले अपने मुद्दों से संबधित 10 तारांकित व 10 गैर तारांकित प्रश्न 12 जनवरी 2026 तक या उससे पहले विधानसभा सचिवालय में जमा कराएं।
प्रत्येक सदस्य सदन की कार्यवाही के लिए अधिकतम दो बिल जमा करा सकता है,लेकिन उसे यह कार्य 15 जनवरी, 2026 तक या उससे करना होगा जबकि 17 जनवरी 2026 तक या उससे पहले प्रत्येक सदस्य सदन की कार्यवाही के लिए अपने प्रस्ताव भी जमा करा सकते हैं,लेकिन प्रत्येक सदस्य अधिकतम चार ही प्रस्ताव जमा करा सकता है।
अलबत्ता, उन्होंने यह नहीं बताया कि सत्र कब तक चलेगा और पाक रमजान के मद्देनजर इसे स्थगित किया जाएगा या नहीं,लेकिन संबधित सूत्रों के अनुसार सत्र दो चरणों मं आयोजित किए जाएगा।
दो चरणों में चलेगा बजट सत्र
पहला चरण दो फरवरी से 19 या 20 फरवरी तक चलेगा जिसमें वर्ष 2026 का बजट पारित किया जाएगा जबकि दूसरे चरण में सत्र एक सप्ताह का होगा जो 21 मार्च 2026 को शुरु होगा। सत्र के दौरान सदन कि किस दिन क्या कार्यवाही होगी,इस विषय में जल्द ही विधानसभा स्पीकर द्वारा एक प्रोविजन कैलेंडर जारी किया जाएगा।
यहां यह बताना असंगत नहीं होगा कि केंद्र शासित जम्मू कश्मीर प्रदेश विधानसभा कापहला बजट सत्र-2025 भी दो चरणों में ही संपन्न हुआ था। पहला चरण 25 मार्च तक चला था और फिर इसे ईद व नवरात्रि के त्यौहार के मद्देनजर सात अप्रैल 2026 तक स्थगित रखा गया था। |